



भीलवाड़ा। री-नीट परीक्षा से पहले गुरुवार देर रात भीलवाड़ा पुलिस ने टेलीग्राम पर नीट का बोगस पेपर ऑनलाइन बेचने के आरोप में एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी वीपीएन के जरिए टेलीग्राम संचालित कर फर्जी पेपर का सौदा कर रहा था। भ्रामक सामग्री फैलाने और अभ्यर्थियों को गुमराह करने के आरोप में पुलिस ने देर रात कार्रवाई करते हुए आरोपी को पकड़ लिया।
पुलिस अधीक्षक सागर राणा को मुखबिर से सूचना मिली थी कि री-नीट परीक्षा को लेकर बोगस और फर्जी पेपर लोगों तक पहुंचाने का काम किया जा रहा है। सूचना के आधार पर भीलवाड़ा के प्रतापनगर थाना प्रभारी सुनील ताड़ा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने पटेलनगर क्षेत्र में एक मकान की घेराबंदी कर दबिश दी। मौके पर आकाश चौधरी नामक युवक टेलीग्राम के माध्यम से फर्जी पेपर ऑनलाइन बेचता मिला।
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके बैंक खाते की जांच की, जिसमें करीब 18 हजार रुपए मिले हैं। पुलिस आरोपी से देर रात तक पूछताछ करती रही। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी विदेशी नेटवर्क और वीपीएन का उपयोग कर टेलीग्राम चला रहा था तथा उसके माध्यम से बोगस प्रश्न पत्र बेचने की कोशिश कर रहा था।
री-नीट परीक्षा आगामी 21 जून को आयोजित होनी है। परीक्षा को लेकर राज्य सरकार और पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क हैं। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने भी परीक्षा की तैयारियों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी तरह की लापरवाही नहीं बरतने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा है कि परीक्षा को निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
मुख्यमंत्री ने चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग, पुलिस प्रशासन और अन्य संबंधित एजेंसियों को राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी के साथ समन्वय बनाकर कार्य करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही गृह मंत्रालय की ओर से जारी दिशा-निर्देशों की गंभीरता से पालना सुनिश्चित करने को कहा गया है।
प्रदेश के सभी जिला कलक्टर और पुलिस अधीक्षकों को परीक्षा केंद्रों का स्वयं निरीक्षण करने तथा पुख्ता सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर कड़ी नजर रखी जाएगी और अफवाह फैलाने वाले तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। परीक्षा की गोपनीयता और पारदर्शिता से कोई समझौता नहीं किया जाएगा।
राजस्थान में 27 जिलों के 611 परीक्षा केंद्रों पर करीब 2 लाख 9 हजार अभ्यर्थी री-नीट परीक्षा में शामिल होंगे। सबसे अधिक 106 परीक्षा केंद्र जयपुर में बनाए गए हैं। इसके अलावा सीकर में 102 और कोटा में 92 केंद्रों पर परीक्षा आयोजित की जाएगी।