Friday, 19 June 2026

जयपुर में अंतरराज्यीय स्मैक तस्कर गिरफ्तार, 50 ग्राम स्मैक और 11.40 लाख रुपए नकद बरामद


जयपुर में अंतरराज्यीय स्मैक तस्कर गिरफ्तार, 50 ग्राम स्मैक और 11.40 लाख रुपए नकद बरामद

ख़बर सुनिए:

0:00
0:00
Audio thumbnail

जयपुर। खोह नागोरियान थाना पुलिस और जिला स्पेशल टीम डीएसटी ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए एक अंतरराज्यीय स्मैक तस्कर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 50 ग्राम अवैध स्मैक और 11 लाख 40 हजार रुपए नकद बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार बरामद नकदी मादक पदार्थों की बिक्री से अर्जित रकम मानी जा रही है।

यह कार्रवाई खोह नागोरियान थाना प्रभारी प्रकाशराम और डीएसटी प्रभारी सुखवीर के नेतृत्व में की गई। पुलिस को सूचना मिली थी कि खोह नागोरियान थाना क्षेत्र की आयशा नगर कॉलोनी में एक व्यक्ति बड़े स्तर पर मादक पदार्थों की तस्करी कर रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस और डीएसटी की संयुक्त टीम ने मौके पर दबिश दी।

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपी मोहम्मद इरफान अंसारी, उम्र 45 वर्ष, को गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 50 ग्राम स्मैक और 11.40 लाख रुपए नकद बरामद किए गए। इस संबंध में खोह नागोरियान थाने में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।

पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी मूल रूप से कोटा का निवासी है और जयपुर में अपनी पहचान छिपाकर किराए के मकान में रह रहा था। पुलिस के अनुसार वह यहां रहकर स्मैक की तस्करी कर रहा था। आरोपी के खिलाफ कोटा में भी धोखाधड़ी सहित कई मामले दर्ज बताए जा रहे हैं।

फिलहाल पुलिस आरोपी से स्मैक की सप्लाई चेन, खरीद-फरोख्त के नेटवर्क और अन्य तस्करों से संबंधों को लेकर पूछताछ कर रही है। इसके साथ ही आरोपी का आपराधिक रिकॉर्ड भी खंगाला जा रहा है।

Previous
Next

Related Posts