



राजस्थान में प्री-मानसून बारिश के बाद गर्मी और उमस से लोगों को राहत मिली है। मौसम में आए बदलाव के चलते कई जिलों में तेज हवा के साथ बारिश दर्ज की गई, जिससे दिन के तापमान में बड़ी गिरावट आई है।
जयपुर में बुधवार सुबह चली तेज हवा के कारण गंगापोल गेट के पास नीम का पेड़ गिर गया। पेड़ के नीचे खड़ी तीन से चार कारें दबकर क्षतिग्रस्त हो गईं। गनीमत रही कि हादसे के समय वहां कोई व्यक्ति मौजूद नहीं था, जिससे जनहानि नहीं हुई। मौसम विभाग ने बुधवार को भी प्रदेश के 23 जिलों में आंधी-बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है।
विभाग के अनुसार बीकानेर, जयपुर, अजमेर, भरतपुर और कोटा संभाग के जिलों में अगले तीन दिन तक इसी तरह का मौसम रहने की संभावना है। पिछले 24 घंटे में प्रदेश के 10 से अधिक जिलों में अच्छी बारिश दर्ज की गई। सबसे ज्यादा बारिश झुंझुनूं के मलसीसर में 66 एमएम रिकॉर्ड हुई। इसके अलावा पिलानी में 54 एमएम, गुढ़ागौड़जी में 47 एमएम, झुंझुनूं शहर में 45 एमएम, उदयपुरवाटी में 36 एमएम, खेतड़ी में 26 एमएम, अलवर के कोटकासिम में 30 एमएम, गंगानगर के गजसिंहपुर में 37 एमएम, विजयनगर में 36 एमएम और चूनावढ़ में 39 एमएम बारिश दर्ज की गई।
चूरू शहर में 29 एमएम और सीकर में 25 एमएम बरसात हुई। आंधी-बारिश के असर से चूरू, सीकर, झुंझुनूं, पिलानी और श्रीगंगानगर समेत कई शहरों में दिन का तापमान करीब 13 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया। चूरू में अधिकतम तापमान 12.2 डिग्री की गिरावट के साथ 29.4 डिग्री सेल्सियस, पिलानी में 12.6 डिग्री की गिरावट के साथ 25.9 डिग्री, फतेहपुर में 31.5 डिग्री और झुंझुनूं में 27.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। तापमान में आई इस गिरावट से प्रदेश के कई इलाकों में मौसम सुहावना हो गया है।