



जयपुर स्थित मैरियट होटल में राजस्थान फिल्म नीति, अभिनंदन एवं सिनेमा महोत्सव का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में फिल्म, कला, संस्कृति और सामाजिक क्षेत्र से जुड़े अनेक गणमान्य व्यक्तियों ने भाग लिया। आयोजन के दौरान राजस्थान में फिल्म उद्योग को बढ़ावा देने, नई संभावनाओं और फिल्म नीति के विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की गई।
समारोह में वीणा केसट के ऑनर केसी मालू, मुख्य सचेतक जो जोगेश्वर गर्ग, सुप्रसिद्ध निर्माता एनके मित्तल, मंजूर अली कुरैशी, लखविंद्र सिंह, रियाज फारूकी, भूपेन्द्र सिंह राणा, इमरान पठान, राजेन्द्र गुप्ता, मीनाक्षी शर्मा, राज जांगिड़, उग्रसेन तंवर, गणेश साहू सहित बड़ी संख्या में विशिष्ट अतिथि और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान राजस्थान में फिल्म निर्माण को प्रोत्साहन देने, स्थानीय कलाकारों को अवसर उपलब्ध कराने तथा राज्य को फिल्म शूटिंग के प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित करने पर विचार-विमर्श किया गया। उपस्थित अतिथियों ने फिल्म उद्योग के विकास में ऐसे आयोजनों की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया।
महोत्सव की आयोजक फिल्म अभिनेत्री सोनम गुर्जरी और श्रवण सागर ने कार्यक्रम में पधारे सभी अतिथियों का स्वागत एवं अभिनंदन किया। उन्होंने कहा कि राजस्थान की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, ऐतिहासिक धरोहर और प्राकृतिक सौंदर्य फिल्म निर्माण के लिए अनुकूल वातावरण प्रदान करते हैं तथा राज्य की नई फिल्म नीति इस क्षेत्र को और मजबूती देगी।
कार्यक्रम में सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ-साथ फिल्म और कला क्षेत्र में योगदान देने वाले विभिन्न व्यक्तित्वों का सम्मान भी किया गया। आयोजन के दौरान फिल्म उद्योग से जुड़े लोगों ने राजस्थान को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर फिल्म निर्माण का प्रमुख केंद्र बनाने की दिशा में सामूहिक प्रयासों पर जोर दिया।
