Sunday, 14 June 2026

कांग्रेस के पास सबूत हैं तो सामने लाए, मैं पद छोड़ने को तैयार: डॉ. किरोड़ी लाल मीणा


कांग्रेस के पास सबूत हैं तो सामने लाए, मैं पद छोड़ने को तैयार:  डॉ. किरोड़ी लाल मीणा

ख़बर सुनिए:

0:00
0:00
Audio thumbnail

अलवर जिले के प्रभारी मंत्री डॉ. किरोड़ी लाल मीणा रविवार को अलवर दौरे पर पहुंचे। इस दौरान उन्होंने केंद्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर जिला प्रशासन और सूचना एवं जनसम्पर्क विभाग द्वारा आयोजित विकास प्रदर्शनी का अवलोकन किया। प्रदर्शनी में केंद्र सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं, विकास कार्यों और उपलब्धियों को आकर्षक ढंग से प्रदर्शित किया गया। इस अवसर पर प्रशासनिक अधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में आमजन भी उपस्थित रहे।

दौरे के दौरान डॉ. किरोड़ी लाल मीणा अपने बेबाक अंदाज में नजर आए। जिला कलक्टर आर्तिका शुक्ला की मौजूदगी में मीडिया से बातचीत करते हुए उन्होंने विपक्ष के आरोपों पर तीखा पलटवार किया। उन्होंने कहा कि वे हमेशा भ्रष्टाचार के खिलाफ आवाज उठाते रहे हैं और कई मामलों का खुलासा भी कर चुके हैं। उनका कहना था कि पिछली कांग्रेस सरकार ने जिन मामलों को दबाकर रखा था, वर्तमान सरकार उन पर लगातार कार्रवाई कर रही है।

उन्होंने कांग्रेस को खुली चुनौती देते हुए कहा कि यदि विपक्ष के पास उनके खिलाफ भ्रष्टाचार या किसी अन्य अनियमितता के ठोस सबूत हैं तो उन्हें सार्वजनिक किया जाए। उन्होंने कहा कि ऐसे प्रमाण सामने आने पर वह अपना पद छोड़ने के लिए भी तैयार हैं। साथ ही उन्होंने चेतावनी दी कि उनके द्वारा उठाए गए मामलों पर यदि संतोषजनक कार्रवाई नहीं हुई तो वह आगे बड़ा कदम उठाने से भी पीछे नहीं हटेंगे।

प्रेस वार्ता के दौरान प्रभारी मंत्री ने केंद्र सरकार की उपलब्धियों का भी विस्तार से उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश तेजी से विकास की ओर अग्रसर है और विकसित भारत का संकल्प साकार हो रहा है। सरकार का लक्ष्य यह सुनिश्चित करना है कि हर योजना का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे। उन्होंने कहा कि किसानों, गरीबों और मध्यम वर्ग के लिए विभिन्न योजनाओं के माध्यम से राहत प्रदान की जा रही है।

महिला सशक्तिकरण को सरकार की प्राथमिकता बताते हुए डॉ. मीणा ने कहा कि ‘लखपति दीदी’ योजना के तहत लाखों महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि अब तक 14 लाख महिलाएं इस योजना से लाभान्वित हो चुकी हैं। वहीं, बेटियों के भविष्य को सुरक्षित करने के लिए सुकन्या समृद्धि योजना के तहत बड़ी संख्या में खाते खोले गए हैं।

विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि देशभर में लगभग 8 लाख किलोमीटर सड़कों का नेटवर्क तैयार किया जा चुका है। शिक्षा और आधारभूत सुविधाओं में सुधार के कारण बच्चों और बेटियों की स्कूल तक पहुंच आसान हुई है। प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना के माध्यम से करोड़ों किसानों को लाभ मिला है और लाखों हेक्टेयर भूमि तक सिंचाई का पानी पहुंचाया गया है।

रेलवे और स्वास्थ्य क्षेत्र में हुए बदलावों का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि देशभर में 164 वंदे भारत ट्रेनें संचालित हो रही हैं और कई शहरों में मेट्रो नेटवर्क का विस्तार किया गया है। इसके अलावा देश को 23 नए अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) मिले हैं। युवाओं के लिए 1.25 लाख सरकारी नौकरियों का कैलेंडर जारी किया जा चुका है। उन्होंने बताया कि हरियाणा से यमुना का पानी लाने की योजना पर कार्य जारी है तथा रामजल सेतु परियोजना के लिए 26 हजार करोड़ रुपये के कार्यादेश जारी किए जा चुके हैं।

Previous
Next

Related Posts