



नागौर। राजस्थान सरकार में चिकित्सा मंत्री गजेंद्र सिंह खींवसर के पुत्र और भाजपा नेता धनंजय सिंह खींवसर को जान से मारने की धमकी मिलने का मामला सामने आया है। अज्ञात व्यक्ति ने फोन कॉल के जरिए उन्हें गोली मारने की धमकी दी, जिसके बाद खींवसर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटना के बाद सुरक्षा एजेंसियां भी सतर्क हो गई हैं।
पुलिस के अनुसार, धनंजय सिंह खींवसर ने शनिवार को थाने में दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि 5 जून की सुबह वह खींवसर फोर्ट स्थित अपने निजी कार्यालय ‘अटल भवन’ में मौजूद थे। इसी दौरान उनके मोबाइल फोन पर एक कॉल आई, जिसमें कॉलर की पहचान प्रदर्शित नहीं हो रही थी और स्क्रीन पर केवल ‘अननोन’ दिखाई दे रहा था।
रिपोर्ट के अनुसार, कॉल करने वाले व्यक्ति ने पहले उनकी पहचान और वर्तमान लोकेशन की पुष्टि की। इसके बाद उसने पूछा कि वह जयपुर कब आने वाले हैं। इस पर धनंजय सिंह ने बताया कि वह दो दिन बाद राजस्थान क्रिकेट एसोसिएशन (आरसीए) की बैठक में भाग लेने के लिए जयपुर जाएंगे।
धनंजय सिंह के मुताबिक, इसके बाद कॉलर ने उन्हें सावधान रहने की चेतावनी दी। जब उन्होंने कॉल करने वाले व्यक्ति का परिचय पूछा तो उसने कथित रूप से कहा, “ध्यान रखना, गोली मार दूंगा।” धमकी मिलने पर धनंजय सिंह ने उसे बताया कि उनकी सुरक्षा में क्विक रिस्पॉन्स टीम (क्यूआरटी) तैनात है और सुरक्षा कर्मियों के पास हथियार भी हैं। इसके बाद कॉलर ने फोन काट दिया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए खींवसर थाना पुलिस ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस कॉल डिटेल्स और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर धमकी देने वाले व्यक्ति की पहचान करने का प्रयास कर रही है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि कॉल किसी व्यक्ति द्वारा की गई थी या किसी तकनीकी माध्यम से पहचान छिपाकर की गई थी।
घटना के बाद क्षेत्र में चर्चा का माहौल है और पुलिस सुरक्षा संबंधी सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की पड़ताल कर रही है।