



जोधपुर। जिले के मथानिया क्षेत्र के मांडियाई खुर्द गांव में शनिवार को हुए एक दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को शोक में डुबो दिया। खेत में बने जल संग्रहण होद में डूबने से तीन मासूम बच्चों की मौत हो गई। शाम तक जिन बच्चों की किलकारियों से गांव गूंज रहा था, कुछ ही घंटों बाद उनकी अंतिम यात्रा निकली। एक साथ तीन बच्चों की मौत से गांव में मातम छा गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
मथानिया थाना पुलिस के अनुसार, बच्चे शाम के समय घर के पास खेल रहे थे। खेलते-खेलते वे खेत में बने जल होद के पास पहुंच गए। आशंका जताई जा रही है कि खेल के दौरान संतुलन बिगड़ने से तीनों बच्चे पानी से भरे होद में गिर गए। होद में पानी की गहराई लगभग पांच से आठ फीट बताई जा रही है, जिसके कारण बच्चे बाहर नहीं निकल सके और डूब गए।
हादसे में 14 वर्षीय लक्ष्मी पुत्री पुखराज सियोल, 8 वर्षीय राधेश्याम पुत्र तिलाराम सियोल और 7 वर्षीय रोहित पुत्र ताजाराम सियोल की मौत हो गई। रोहित मूल रूप से खेतासर गांव का निवासी था और इन दिनों अपनी बुआ के घर मांडियाई खुर्द में आया हुआ था। पारिवारिक रिश्तों के अनुसार रोहित, तिलाराम के साले ताजाराम का पुत्र था, जबकि पुखराज और तिलाराम सगे भाई हैं।
जब बच्चे काफी देर तक घर नहीं लौटे तो परिजनों को चिंता हुई और उनकी तलाश शुरू की गई। इसी दौरान शाम करीब चार बजे बच्चों के जल होद में गिरने की आशंका सामने आई। सूचना मिलते ही ग्रामीण और परिजन मौके पर पहुंचे तथा तीनों बच्चों को होद से बाहर निकालकर तत्काल तिंवरी अस्पताल ले गए। हालांकि चिकित्सकों ने जांच के बाद तीनों को मृत घोषित कर दिया।
हादसे के बाद गांव में शोक की लहर दौड़ गई। लक्ष्मी और राधेश्याम का अंतिम संस्कार मांडियाई गांव में, जबकि रोहित का अंतिम संस्कार उसके पैतृक गांव खेतासर में किया गया। अंतिम संस्कार में बड़ी संख्या में ग्रामीण और परिजन शामिल हुए। पूरे क्षेत्र में गमगीन माहौल बना रहा और हर आंख नम दिखाई दी।
इस हादसे के बाद ग्रामीणों ने खेतों में बने खुले जल होदों के आसपास सुरक्षा उपायों की मांग तेज कर दी है। ग्रामीणों का कहना है कि बिना सुरक्षा दीवार या जाली वाले जल होद बच्चों और पशुओं के लिए लगातार खतरा बने हुए हैं। उन्होंने प्रशासन से ऐसे जल स्रोतों के चारों ओर सुरक्षा इंतजाम सुनिश्चित करने और जागरूकता अभियान चलाने की मांग की है ताकि भविष्य में इस तरह की दुखद घटनाओं को रोका जा सके।