Saturday, 06 June 2026

खारी का लाम्बा में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने ग्रामीणों संग की चाय पर चर्चा, स्वास्थ्य केंद्र और खेल मैदान की घोषणा


खारी का लाम्बा में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने ग्रामीणों संग की चाय पर चर्चा, स्वास्थ्य केंद्र और खेल मैदान की घोषणा

ख़बर सुनिए:

0:00
0:00
Audio thumbnail

भीलवाड़ा। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने खारी का लाम्बा ग्राम पंचायत में रात्रि विश्राम के बाद शनिवार सुबह ग्रामीण परिवेश में समय बिताते हुए आमजन से संवाद किया। प्रातः भ्रमण के दौरान उन्होंने बुजुर्गों, युवाओं और बच्चों से मुलाकात कर उनकी समस्याओं और आवश्यकताओं की जानकारी ली। मुख्यमंत्री का आत्मीय व्यवहार ग्रामीणों के बीच चर्चा का विषय बना रहा।

सुबह भ्रमण के दौरान मुख्यमंत्री ने गांव के बुजुर्गों से मुलाकात कर उनके स्वास्थ्य, दैनिक दिनचर्या और जीवनशैली के बारे में जानकारी ली। उन्होंने बुजुर्गों के अनुभवों को सुना और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया। वहीं बच्चों से भी आत्मीयता के साथ मुलाकात करते हुए उन्हें चॉकलेट वितरित की, जिससे बच्चों में विशेष उत्साह देखने को मिला।

मुख्यमंत्री ने तालाब के किनारे योगाभ्यास कर रहे युवाओं के बीच पहुंचकर उनके साथ योग किया और नियमित योग को स्वस्थ जीवन का आधार बताया। उन्होंने युवाओं को फिटनेस और स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने का संदेश देते हुए उनके प्रयासों की सराहना की।

इसके बाद ग्रामीणों के साथ चाय पर चर्चा के दौरान मुख्यमंत्री ने क्षेत्र के विकास से जुड़े कई महत्वपूर्ण निर्णयों की घोषणा की। उन्होंने गांव के उप स्वास्थ्य केंद्र को क्रमोन्नत कर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बनाने तथा खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के लिए खेल मैदान विकसित करने की घोषणा की। मुख्यमंत्री की इन घोषणाओं का ग्रामीणों ने स्वागत किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य और खेल सुविधाओं का विस्तार राज्य सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं और खेल अवसंरचना से गांवों के विकास को नई दिशा मिलेगी तथा युवाओं को आगे बढ़ने के अवसर प्राप्त होंगे।

गौरतलब है कि शुक्रवार रात आयोजित ग्राम विकास चौपाल में मुख्यमंत्री ने खारी का लाम्बा ग्राम पंचायत में नवीन कृषि पर्यवेक्षक मुख्यालय खोलने, कृषि पर्यवेक्षक के नए पद का सृजन करने तथा राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में विज्ञान संकाय शुरू करने की घोषणा की थी। ग्रामीणों में उस समय उत्साह और बढ़ गया जब इन घोषणाओं से संबंधित आदेश शनिवार सुबह ही जारी कर दिए गए।

ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री की त्वरित निर्णय प्रक्रिया और घोषणाओं के शीघ्र क्रियान्वयन पर प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि वर्षों से लंबित मांगों पर इतनी जल्दी कार्रवाई होने से क्षेत्र के विकास को नई गति मिलेगी और लोगों का सरकार पर विश्वास और मजबूत होगा।

खारी का लाम्बा में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने ग्रामीणों संग की चाय पर चर्चा,मुख्यमंत्री ने की चॉकलेट वितरित
खारी का लाम्बा में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने ग्रामीणों संग की चाय पर चर्चा,मुख्यमंत्री ने की चॉकलेट वितरित
Previous
Next

Related Posts