



जयपुर के जगतपुरा क्षेत्र में तेज रफ्तार थार एसयूवी की टक्कर से एक बाइक सवार युवक की मौत हो गई। हादसा रामनगरिया थाना क्षेत्र में महल रोड पर देर रात हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक थार के नीचे फंस गई और करीब 150 मीटर तक घिसटती चली गई। घटना के बाद इलाके में तनावपूर्ण माहौल बन गया और परिजनों ने निष्पक्ष जांच की मांग की है।
पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान दौसा निवासी राकेश मीणा (28) के रूप में हुई है, जो वर्तमान में अपने परिवार के साथ जगतपुरा स्थित आरती नगर में रह रहे थे। बताया जा रहा है कि सोमवार देर रात वह कुंभा मार्ग से बॉम्बे हॉस्पिटल की ओर जा रहे थे। इसी दौरान अक्षयपात्र चौराहे के पास तेज गति से आई थार ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी।
हादसे में गंभीर रूप से घायल राकेश को तत्काल महात्मा गांधी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मृत्यु हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों अमर सिंह और सूर्यांश तंवर ने बताया कि दुर्घटना के बाद उन्होंने थार को रुकवाया। उनके अनुसार वाहन में तीन युवक सवार थे और गाड़ी के अंदर बीयर की बोतलें एवं कैन भी रखे हुए थे। उन्होंने आरोप लगाया कि वाहन में सवार युवक नशे की हालत में प्रतीत हो रहे थे।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि थार एक एमबीबीएस छात्र चला रहा था। हालांकि पुलिस ने अभी तक मेडिकल जांच और अन्य साक्ष्यों के आधार पर अंतिम निष्कर्ष सार्वजनिक नहीं किया है। शिवदासपुरा थाना प्रभारी मनोहर ने बताया कि प्रारंभिक जानकारी के अनुसार वाहन चालक एमबीबीएस का छात्र है और मामले की जांच जारी है।
घटना के बाद महात्मा गांधी अस्पताल में भी विवाद की स्थिति उत्पन्न हो गई। मृतक पक्ष का आरोप है कि आरोपी पक्ष के कुछ लोग अस्पताल पहुंचे और वहां गाली-गलौज तथा हाथापाई की। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया।
राकेश मीणा के परिवार की कहानी भी बेहद मार्मिक है। परिजनों के अनुसार वह कुछ समय से परिवार सहित ब्यावर में रह रहे थे और मात्र पांच दिन पहले ही पत्नी और दो बेटों के साथ जयपुर शिफ्ट हुए थे। उनके पीछे पत्नी और दो छोटे बेटे दक्ष (8 वर्ष) तथा कृष्णा (4 वर्ष) हैं।
मृतक की बड़ी बहन ज्योति मीणा ने पोस्टमॉर्टम प्रक्रिया पर भी सवाल उठाए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि पोस्टमॉर्टम से पहले शव के साथ छेड़छाड़ की गई और शव पर कुछ ऐसे निशान दिखाई दिए, जिन्हें लेकर परिवार को संदेह है। परिजनों का यह भी आरोप है कि हादसे की सूचना उन्हें देर से दी गई।
मृतक के पिता मुरलीधर मीणा ने चेतावनी दी है कि यदि मामले में निष्पक्ष कार्रवाई नहीं हुई और दोषियों के खिलाफ सख्त कदम नहीं उठाए गए तो वे पुलिस थाने और अस्पताल का घेराव करेंगे।
रामनगरिया थाना प्रभारी चंद्रभान ने बताया कि मृतक के पिता की रिपोर्ट पर मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने दुर्घटना में शामिल थार वाहन को जब्त कर लिया है और मामले की जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।