Wednesday, 03 June 2026

भारत-पाक सीमा पर जवानों से मिलेंगे अमित शाह, बीकानेर से करेंगे ‘वाइब्रेंट विलेज प्रोग्राम-2’ की शुरुआत


भारत-पाक सीमा पर जवानों से मिलेंगे अमित शाह, बीकानेर से करेंगे ‘वाइब्रेंट विलेज प्रोग्राम-2’ की शुरुआत

ख़बर सुनिए:

0:00
0:00
Audio thumbnail

बीकानेर | केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह मंगलवार को भारत-पाकिस्तान सीमा पर तैनात बीएसएफ जवानों से मुलाकात करेंगे। वे सुबह करीब 11 बजे बीकानेर जिले में जीरो पॉइंट पर स्थित बीएसएफ की सांचू पोस्ट पहुंचेंगे और वहां सीमा पर तैनात जवानों के साथ संवाद करेंगे। इस दौरान वे करीब डेढ़ घंटे तक जवानों के बीच रहकर उनकी हौसला अफजाई करेंगे तथा सीमा सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा भी लेंगे।

अमित शाह के साथ मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा भी मौजूद रहेंगे। गृह मंत्री सीमा चौकी पर पौधारोपण कार्यक्रम, सैनिक सम्मेलन और जवानों से बातचीत कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे। इसके अलावा वे वॉच टावर से भारत-पाकिस्तान सीमा क्षेत्र का अवलोकन भी कर सकते हैं।

सुरक्षा और तस्करी पर होगी अहम बैठक

सांचू पोस्ट से लौटने के बाद केंद्रीय गृह मंत्री दोपहर करीब साढ़े 12 बजे बीकानेर पहुंचेंगे। यहां बीएसएफ सेक्टर मुख्यालय में सीमावर्ती पांच जिलों के कलेक्टरों, पुलिस अधीक्षकों और सुरक्षा एजेंसियों के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक आयोजित होगी।

बैठक में सीमा क्षेत्र में बढ़ती तस्करी, राष्ट्र सुरक्षा, घुसपैठ रोकथाम, सीमा निगरानी और आधारभूत सुरक्षा व्यवस्थाओं को लेकर विस्तृत चर्चा की जाएगी। सूत्रों के अनुसार सीमा क्षेत्रों में तकनीकी निगरानी और सुरक्षा ढांचे को और मजबूत बनाने पर भी फोकस रहेगा।

‘वाइब्रेंट विलेज प्रोग्राम-2’ का करेंगे शुभारंभ

बीकानेर दौरे के दौरान अमित शाह भारत-पाक सीमा क्षेत्र से ‘वाइब्रेंट विलेज प्रोग्राम-2’ की भी शुरुआत करेंगे। इस योजना के तहत राजस्थान के सीमावर्ती 184 गांवों को सड़क और 4जी मोबाइल नेटवर्क से जोड़ने का कार्य शुरू किया जाएगा।

सरकार का उद्देश्य सीमावर्ती गांवों में आधारभूत सुविधाओं का विस्तार कर वहां के लोगों को बेहतर शिक्षा, स्वास्थ्य, संचार और रोजगार सुविधाएं उपलब्ध कराना है। योजना के तहत सड़क, डिजिटल कनेक्टिविटी, पर्यटन और स्वरोजगार गतिविधियों को बढ़ावा देने की तैयारी की गई है।

सोमवार रात बीकानेर पहुंचे थे अमित शाह

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह सोमवार रात करीब 10:30 बजे बीकानेर पहुंचे थे। नाल एयरपोर्ट पर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, केंद्रीय विधि एवं न्याय राज्यमंत्री अर्जुनराम मेघवाल, स्वास्थ्य मंत्री गजेंद्र सिंह खींवसर, मंत्री सुमित गोदारा, भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़, पूर्व नेता प्रतिपक्ष राजेंद्र राठौड़ और मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास सहित कई जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने उनका स्वागत किया। एयरपोर्ट से अमित शाह सीधे बीएसएफ सेक्टर मुख्यालय पहुंचे, जहां उन्होंने रात्रि विश्राम किया। उनके दौरे को देखते हुए बीकानेर और सीमावर्ती क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।

Previous
Next

Related Posts