



जोधपुर। बार काउंसिल ऑफ राजस्थान के 23 सदस्यों के निर्वाचन के लिए सोमवार को राजस्थान हाईकोर्ट परिसर स्थित बार काउंसिल भवन में मतगणना प्रक्रिया शुरू हो गई। चुनाव प्रक्रिया को पारदर्शी और निष्पक्ष बनाए रखने के उद्देश्य से इस बार मतगणना का यूट्यूब पर लाइव प्रसारण भी किया जा रहा है।
हाई-पावर्ड इलेक्शन कमेटी के चेयरपर्सन एवं सेवानिवृत्त न्यायाधीश जस्टिस जे.आर. मिढा ने कहा कि चुनाव प्रक्रिया को निष्पक्ष और पारदर्शी ढंग से सम्पन्न करवाने के बाद अब मतगणना भी पूरी पारदर्शिता के साथ करवाई जा रही है। उन्होंने बताया कि यह संपूर्ण प्रक्रिया सेवानिवृत्त न्यायाधीश जस्टिस मनोज कुमार गर्ग की निगरानी तथा चुनाव अधिकारी वरिष्ठ अधिवक्ता डॉ. सचिन आचार्य के निर्देशन में संपन्न की जा रही है।
चुनाव अधिकारी डॉ. सचिन आचार्य ने बताया कि मतगणना सोमवार दोपहर 2 बजे से प्रारंभ हुई। सबसे पहले अजमेर सिविल कोर्ट के मतों की गणना शुरू की गई है। उन्होंने जानकारी दी कि मतगणना जिलेवार और वर्णमाला क्रम (अल्फाबेटिकल ऑर्डर) में की जा रही है। प्रारंभिक चरण में प्रथम वरीयता यानी फर्स्ट प्रिफरेंस वोटों की गिनती की जा रही है।
उन्होंने बताया कि मंगलवार से मतगणना प्रतिदिन सुबह 10 बजे से शुरू होकर शाम लगभग 7 बजे तक जारी रहेगी। प्रत्याशियों और अधिवक्ताओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए मतगणना स्थल पर आवश्यक व्यवस्थाएं भी की गई हैं।
डॉ. आचार्य ने कहा कि बार काउंसिल ऑफ राजस्थान देश की पहली ऐसी काउंसिल बन गई है, जिसने अपनी अधिकांश चुनावी प्रक्रियाओं को ऑनलाइन किया है। हाल ही में हुई री-पोलिंग के दौरान भी ऑनलाइन वोटर स्लिप जारी की गई थीं। अब इसी क्रम में मतगणना का लाइव यूट्यूब प्रसारण शुरू किया गया है, जिससे प्रत्याशी और अधिवक्ता घर बैठे भी पूरी प्रक्रिया पर नजर रख सकते हैं। कानूनी क्षेत्र में इसे पारदर्शिता और तकनीकी नवाचार की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।