Sunday, 03 May 2026

राजसमंद में अवैध हथियारों पर सबसे बड़ी कार्रवाई, 9228 तलवारें बरामद, तीन आरोपी गिरफ्तार


राजसमंद में अवैध हथियारों पर सबसे बड़ी कार्रवाई, 9228 तलवारें बरामद, तीन आरोपी गिरफ्तार

ख़बर सुनिए:

0:00
0:00
Audio thumbnail

राजसमंद। जिले में अवैध हथियारों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए पुलिस ने श्रीनाथजी मंदिर के पास से 9228 तलवारों का भारी जखीरा बरामद किया है। यह अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई मानी जा रही है। पुलिस ने दो अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर तलवारों के निर्माण और भंडारण से जुड़े तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

पहली कार्रवाई उपली ओडन क्षेत्र में एक भंगार गोदाम में की गई, जहां से 9032 तलवारें जब्त की गईं। पुलिस को सूचना मिली थी कि गोदाम के एक कमरे में अवैध रूप से तलवारों का भंडारण किया जा रहा है और वहीं पर उन्हें बनाने व धार देने का कार्य भी चल रहा है। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने तलाशी के दौरान बड़ी संख्या में धारदार और बिना धार वाली तलवारें बरामद कीं। गोदाम में मौजूद आरोपियों से जब वैध लाइसेंस या अनुमति से जुड़े दस्तावेज मांगे गए तो वे कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे सके।

दूसरी कार्रवाई भानसोल रोड स्थित एक बाड़े में की गई, जहां वेल्डिंग कार्य की आड़ में तलवार बनाने का कारखाना संचालित किया जा रहा था। यहां से 196 तलवारें बरामद कर एक अन्य आरोपी को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने इस पूरे मामले में नाथद्वारा की श्रीनाथ कॉलोनी निवासी अजय सिकलीगर, उपली ओडन निवासी सोनू सुथार और रामदासिया बस्ती निवासी सिकंदर सिकलीगर को हिरासत में लिया है।

कार्रवाई के दौरान तलवार निर्माण और धार देने में उपयोग होने वाली मशीनें और उपकरण जैसे ग्राइंडर, ड्रिल मशीन, वेल्डिंग मशीन, पॉलिश व्हील और अन्य सामग्री भी जब्त की गई। पुलिस के अनुसार बरामद तलवारें नुकीली और बड़े फल की हैं, जो निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं पाई गईं।

पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पूछताछ में यह जानने का प्रयास किया जा रहा है कि इतनी बड़ी मात्रा में तलवारों का भंडारण क्यों किया गया, ये हथियार कहां से लाए गए और इन्हें किन लोगों को सप्लाई करने की योजना थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस की जांच जारी है।

    Previous
    Next

    Related Posts