



जयपुर। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने कहा कि राज्य सरकार की कृषि योजनाओं को किसानों तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने के लिए “ग्राम रथ” अभियान शुरू किया गया है। इन ग्राम रथों के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में जाकर किसानों को विभिन्न कृषि योजनाओं, उनके लाभ और आवेदन प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दी जा रही है, ताकि अधिक से अधिक किसान इन योजनाओं से जुड़ सकें और उनका लाभ उठा सकें।
उन्होंने बताया कि इस पहल को और मजबूत बनाने के लिए भाजपा संगठन भी सक्रिय भूमिका निभा रहा है। ग्राम रथों के साथ पार्टी के प्रदेश पदाधिकारी भी क्षेत्र में जाकर आमजन से संवाद करेंगे और योजनाओं की जानकारी देने के साथ-साथ लोगों को जोड़ने का कार्य करेंगे। यह अभियान सरकार और संगठन के समन्वय से संचालित हो रहा है, जिसका उद्देश्य योजनाओं को जमीनी स्तर तक पहुंचाना है।
मदन राठौड़ ने कहा कि “राजस्थान ग्लोबल एग्रीटेक समिट” के माध्यम से प्रदेश में कृषि नवाचार, तकनीकी उन्नति और कृषि क्षेत्र में हो रहे विकास कार्यों को व्यापक स्तर पर प्रस्तुत किया जाएगा। इस समिट के सफल आयोजन के लिए प्रदेश स्तर पर मॉनिटरिंग समिति का गठन किया गया है, जिसमें भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष मुकेश दाधीच, नाहर सिंह जोधा, प्रेम सिंह बनवासा और अनुराग जांगिड को शामिल किया गया है।
इसके साथ ही, समिट और ग्राम रथ अभियान के प्रभावी संचालन के लिए संभाग स्तर पर समन्वयकों की नियुक्ति की गई है। बीकानेर संभाग में ज्योति मिर्धा, राजेंद्र नायक और विजेंद्र पूनियां, जयपुर संभाग में लालचंद कटारिया, ओमप्रकाश भड़ाना, रामचरण बोहरा और नारायण मीना, भरतपुर संभाग में प्रेम सिंह बाजौर, धर्म सिंह जाट और सुखबीर सिंह जौनापुरिया सहित अन्य नेताओं को जिम्मेदारी सौंपी गई है।
अजमेर, जोधपुर, उदयपुर और कोटा संभागों में भी वरिष्ठ नेताओं को समन्वयक बनाकर अभियान को गति देने की तैयारी की गई है। भाजपा का लक्ष्य है कि ग्राम रथ और एग्रीटेक समिट के माध्यम से प्रदेश के हर जिले और गांव तक योजनाओं की जानकारी पहुंचे और किसानों को आधुनिक तकनीक व सरकारी योजनाओं का अधिकतम लाभ मिल सके।