



जयपुर। सवाई मानसिंह (SMS) स्टेडियम में खेले गए IPL मुकाबले में दिल्ली कैपिटल्स ने राजस्थान रॉयल्स को 7 विकेट से हराकर शानदार जीत दर्ज की। 226 रन के बड़े लक्ष्य का पीछा करते हुए दिल्ली के बल्लेबाजों ने आक्रामक अंदाज में खेलते हुए मुकाबला अपने नाम कर लिया।
राजस्थान रॉयल्स के कप्तान रियान पराग ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया, लेकिन टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही। ओपनर यशस्वी जायसवाल पहली गेंद पर छक्का लगाने के बाद तीसरी गेंद पर आउट हो गए, जबकि दूसरे ओवर में वैभव सूर्यवंशी भी जल्दी पवेलियन लौट गए। इसके बाद कप्तान रियान पराग ने जिम्मेदारी संभालते हुए 50 गेंदों में 90 रन की शानदार पारी खेली।
उनके अलावा डोनोवन फरेरा ने 14 गेंदों में 47 रन और ध्रुव जुरेल ने 30 गेंदों में 42 रन बनाकर टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया। राजस्थान ने निर्धारित 20 ओवर में 225 रन का बड़ा स्कोर खड़ा किया।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी दिल्ली कैपिटल्स की शुरुआत बेहतरीन रही। पथुम निसांका ने 33 गेंदों में 62 रन और केएल राहुल ने 40 गेंदों में 75 रन की पारी खेलकर टीम को मजबूत आधार दिया। इसके बाद नीतीश राणा ने 17 गेंदों में 33 रन बनाए। अंत में ट्रिस्टन स्टब्स (18 रन) और आशुतोष शर्मा (25 रन) ने संयमित बल्लेबाजी करते हुए टीम को जीत तक पहुंचा दिया।
मैच के दौरान एक चिंता की बात भी सामने आई, जब फील्डिंग के दौरान राजस्थान के कप्तान रियान पराग के पैर की मांसपेशियों में खिंचाव आ गया और उन्हें मैदान से बाहर जाना पड़ा। इस रोमांचक मुकाबले को देखने के लिए जयपुर के साथ-साथ अन्य राज्यों से भी बड़ी संख्या में दर्शक स्टेडियम पहुंचे, जिससे पूरे मैच के दौरान शानदार माहौल बना रहा।