


जैसलमेर। राजस्थान कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने कहा कि प्रत्येक कार्यकर्ता को पार्टी की मजबूती के लिए समर्पित भाव से काम करने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि “जब पार्टी मजबूत होगी, तभी सरकारें बनेंगी।” कांग्रेस द्वारा चलाए जा रहे ‘संगठन बढ़ाओ, संविधान बचाओ अभियान’ के तहत शुक्रवार को फलसूंड गांव स्थित राजपूत सेवा सदन में आयोजित जिला स्तरीय जनसभा को संबोधित करते हुए डोटासरा ने भाजपा सरकार और मुख्यमंत्री पर जमकर निशाना साधा।
कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष डोटासरा ने कहा कि भाजपा के नेताओं और जनप्रतिनिधियों ने भी नहीं सोचा था कि राजस्थान में भाजपा की सरकार बनेगी और भजनलाल शर्मा मुख्यमंत्री बन जाएंगे। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि खुद भजनलाल शर्मा को भी नहीं पता था कि वे मुख्यमंत्री बनेंगे। वे तो भरतपुर से टिकट मांग रहे थे, अगर मिल जाता तो जमानत जब्त हो जाती। सांगानेर भाजपा की परंपरागत सीट है और वहां से वे जीत गए।
कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष डोटासरा ने कहा कि कांग्रेस सरकार ने किसानों का कर्जा माफ किया, नि:शुल्क बिजली दी, मुफ्त इलाज और राशन किट जैसी योजनाएं शुरू कीं, लेकिन भाजपा सरकार जनता को एक रुपए का भी फायदा नहीं दे सकी। उन्होंने कहा कि गेहूं के एमएसपी का वादा अधूरा पड़ा है और बेरोजगारों को रोजगार नहीं मिल रहा है।
उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकार ने जो अंग्रेजी माध्यम स्कूल खोले थे, भाजपा सरकार उन्हें बंद कर रही है। साथ ही उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार और उसके नेता ईडी और सीबीआई जैसी एजेंसियों का दुरुपयोग कर रहे हैं। डोटासरा ने कहा कि उनके यहां भी ईडी ने रेड डाली थी, लेकिन कुछ नहीं मिला। उन्होंने तंज कसते हुए कहा, “जब टिड्डी आती है तो किसानों का नुकसान कर जाती है, लेकिन जब हमारे यहां ईडी आई तो देखा कि वह पोपली और खोखली थी।”
कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष डोटासरा ने आरोप लगाया कि राज्य सरकार जानबूझकर नगर निकाय और पंचायतीराज चुनाव नहीं करा रही है, जबकि कानून में इसका स्पष्ट प्रावधान है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस इन चुनावों को कराने के लिए सड़क से सदन तक लड़ाई लड़ेगी।
सभा के दौरान कांग्रेस के मध्यप्रदेश प्रभारी और हरीश चौधरी ने पोकरण सहित पश्चिमी राजस्थान में पेयजल संकट को लेकर सरकार पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि हालात ऐसे हैं कि “पानी तो देखने को भी नहीं मिल रहा।” साथ ही उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में पिछले सवा दो वर्षों से विकास कार्य ठप पड़े हैं।
बाड़मेर जैसलमेर से कांग्रेस सांसद उम्मेदाराम बेनीवाल ने कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर संगठन को मजबूत करने की अपील की। वहीं पूर्व केबिनेट मंत्री शाले मोहम्मद ने कहा कि पिछले सवा दो वर्षों में पोकरण क्षेत्र में कोई विकास कार्य नहीं हुआ है और जनता समस्याओं से त्रस्त है।
रूपाराम धणदे ने आगामी पंचायतीराज और नगर निकाय चुनावों में कांग्रेस को बहुमत दिलाने के लिए कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर काम करने का आह्वान किया। इससे पहले जैसलमेर कांग्रेस कमेटी के जिलाध्यक्ष अमरदीन फकीर ने जिले की संगठनात्मक स्थिति की जानकारी दी। मंच पर पूर्व जिला प्रमुख अंजना मेघवाल, महेन्द्र चौधरी, बाड़मेर जिलाध्यक्ष लक्ष्मण गोदारा, बालोतरा जिलाध्यक्ष प्रियंका मेघवाल, पूर्व जिलाध्यक्ष फतेहखां, गोविंद भार्गव, पोकरण प्रभारी अंकुर चौधरी, डॉ. भूपेन्द्र बारूपाल, रामसिंह राव सहित कई नेता मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन अब्दुला फकीर और मंगल खां ने किया।