



जयपुर। राजस्थान सरकार ने शुक्रवार को भारतीय प्रशासनिक सेवा के दो वरिष्ठ अधिकारियों के कार्यभार में बदलाव किया है। वर्ष 2004 बैच के आईएएस अधिकारी एवं खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग के शासन सचिव अमरीश कुमार को प्रशासनिक कारणों से आगामी आदेशों तक पदस्थापन आदेशों की प्रतीक्षा में रखा गया है।
कार्मिक विभाग की ओर से 24 जुलाई 2026 को जारी आदेश के अनुसार, वर्ष 2006 बैच के आईएएस अधिकारी डॉ. रोहित गुप्ता को खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग के शासन सचिव पद का अतिरिक्त कार्यभार सौंपा गया है।
डॉ. रोहित गुप्ता वर्तमान में राजस्थान अक्षय ऊर्जा निगम लिमिटेड, जयपुर के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक के पद पर कार्यरत हैं। वह अपने मौजूदा पद के कार्यों के साथ-साथ आगामी आदेशों तक खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग के शासन सचिव का अतिरिक्त कार्यभार भी संभालेंगे।
राज्यपाल की आज्ञा से जारी आदेश पर कार्मिक विभाग के संयुक्त शासन सचिव डॉ. धीरज कुमार सिंह के हस्ताक्षर हैं। आदेश की प्रतिलिपि मुख्यमंत्री कार्यालय, मुख्य सचिव, संबंधित विभागों और अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के लिए भेजी गई है।
