



अलवर में खंडेलवाल वैश्य धाम जागरण रथ यात्रा के आगमन पर रविवार को भव्य और उत्साहपूर्ण स्वागत किया गया। खंडेलवाल सेवा समिति, अलवर के तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में समाज के लोगों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और धार्मिक आस्था का अनूठा उदाहरण प्रस्तुत किया। खंडेला धाम से प्रारंभ हुई यह यात्रा जैसे ही अलवर पहुंची, जगह-जगह पुष्प वर्षा कर श्रद्धालुओं ने आत्मीय स्वागत किया। पूरे शहर में धार्मिक माहौल बना रहा और विभिन्न सामाजिक एवं धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया।
इस अवसर पर समाज के प्रमुख पदाधिकारी और गणमान्य सदस्य बड़ी संख्या में मौजूद रहे। कार्यक्रम में खंडेला धाम के संस्थापक एवं आजीवन मैनेजिंग ट्रस्टी पुरुषोत्तम गुप्ता, अध्यक्ष आर.सी. गुप्ता (झालाणी) और महामंत्री रमेशचंद्र खंडेलवाल (जोधपुर) सहित गोविंद खारवाल, गिर्राज केदावत, अनिल लोहिया, सुभाष घिया, रजनी कांत गुप्ता, रंजना गुप्ता, राजरानी गुप्ता, रानी खंडेलवाल, अदिति गुप्ता, अनिल तमोलिया, सुभाष तांबी, संजय खंडेलवाल और प्रेम खंडेलवाल जैसे कई सम्मानित सदस्य शामिल हुए।
कार्यक्रम के दौरान सात नए ट्रस्ट सदस्यों का मनोनयन किया गया, जिनमें प्रत्येक ने एक-एक लाख रुपये का सहयोग प्रदान किया। साथ ही समाज के लोगों ने अपनी कुलदेवी एवं विभिन्न गोत्रों की देवियों की विधिवत पूजा-अर्चना कर महाआरती की, जिससे वातावरण पूर्णतः भक्तिमय हो गया।
खंडेलवाल सेवा समिति अलवर के अध्यक्ष किशन गुप्ता ने कार्यक्रम की जानकारी देते हुए बताया कि यह यात्रा समाज को एकजुट करने और सांस्कृतिक मूल्यों को सशक्त बनाने का महत्वपूर्ण माध्यम है। वहीं अखिल भारत वर्षीय खंडेलवाल वैश्य महासभा के राष्ट्रीय प्रवक्ता एवं मीडिया प्रभारी प्रो. रमेश कुमार रावत ने गंगटोक से फोन के माध्यम से इस पहल की सराहना करते हुए इसे समाज के विकास की दिशा में एक सकारात्मक कदम बताया। उन्होंने आयोजकों को शुभकामनाएं देते हुए इस यात्रा को सामाजिक समरसता और सांस्कृतिक जागरूकता बढ़ाने वाला बताया।