



केंद्र सरकार ने केंद्रीय कर्मचारियों और पेंशनर्स के लिए महंगाई भत्ते (DA) और महंगाई राहत (DR) में 2% की बढ़ोतरी को मंजूरी दे दी है। इसके साथ ही DA-DR 58% से बढ़कर 60% हो गया है, जो 1 जनवरी 2026 से प्रभावी माना जाएगा। इस फैसले से केंद्र सरकार पर सालाना लगभग 6,791 करोड़ रुपये का अतिरिक्त वित्तीय भार आएगा।
यह निर्णय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की अध्यक्षता में 18 अप्रैल को आयोजित केंद्रीय कैबिनेट बैठक में लिया गया। इस बढ़ोतरी का लाभ करीब 50.5 लाख केंद्रीय कर्मचारियों और 68.3 लाख पेंशनर्स को मिलेगा।
सरकार हर वर्ष जनवरी और जुलाई में महंगाई भत्ते और राहत की दरों में संशोधन करती है। इससे पहले अक्टूबर 2025 में DA को 55% से बढ़ाकर 58% किया गया था, जो 1 जुलाई 2025 से लागू हुआ था और इसका भुगतान एरियर के साथ किया गया था।
इस नई वृद्धि से कर्मचारियों की मासिक सैलरी और पेंशनर्स की पेंशन में सीधा इजाफा होगा, जिससे बढ़ती महंगाई के बीच आर्थिक राहत मिलने की उम्मीद है।