Saturday, 18 April 2026

हावड़ा में प्रवासी राजस्थानियों ने किया मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा का अभिनंदन, बंगाल में ‘डबल इंजन’ सरकार का आह्वान


हावड़ा में प्रवासी राजस्थानियों ने किया मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा का अभिनंदन, बंगाल में ‘डबल इंजन’ सरकार का आह्वान

ख़बर सुनिए:

0:00
0:00
Audio thumbnail

हावड़ा में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा का प्रवासी राजस्थानियों द्वारा भव्य अभिनंदन किया गया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने पश्चिम बंगाल की राजनीति पर तीखा प्रहार करते हुए कहा कि यदि राज्य में राजस्थान की तरह सुशासन चाहिए तो भ्रष्टाचार, कटमनी और तुष्टिकरण की राजनीति करने वाली वर्तमान सरकार को हटाना होगा। उन्होंने प्रवासी राजस्थानियों से आह्वान किया कि वे पूरी ताकत के साथ भाजपा को समर्थन दें।

मुख्यमंत्री शर्मा ने ‘नारी शक्ति वंदन अधिनियम’ के संदर्भ में विपक्ष पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि महिलाओं को संसद और विधानसभाओं में समान भागीदारी देने के उद्देश्य से लाए गए इस महत्वपूर्ण संविधान संशोधन बिल का कांग्रेस, टीएमसी और उनके समर्थित दलों ने विरोध किया, जो उनकी “संकीर्ण सोच” को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि देश की नारी शक्ति इस अपमान का जवाब आने वाले समय में जरूर देगी।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की योजनाओं का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने जन-धन योजना और उज्ज्वला योजना को महिलाओं के सशक्तिकरण की दिशा में अहम कदम बताया। उन्होंने कहा कि पिछले 70 वर्षों में महिलाओं के उत्थान के लिए अपेक्षित कार्य नहीं हुए, जबकि वर्तमान सरकार ने इस दिशा में ठोस प्रयास किए हैं।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री शर्मा ने प्रवासी राजस्थानियों की भूमिका की सराहना करते हुए कहा कि वे जहां भी रहते हैं, अपनी संस्कृति और सामाजिक मूल्यों को जीवित रखते हैं। उन्होंने मशहूर कहावत का जिक्र करते हुए कहा कि “जहां न पहुंचे रेलगाड़ी, वहां पहुंचे बैलगाड़ी और जहां न पहुंचे बैलगाड़ी, वहां पहुंचे मारवाड़ी”, जो राजस्थानियों की उद्यमशीलता और पहुंच को दर्शाता है।

उन्होंने प्रवासी राजस्थानियों से अपील की कि वे अपने गृह राज्य में भी उद्योग स्थापित करें, जिससे रोजगार के अवसर बढ़ें और मातृभूमि से जुड़ाव बना रहे। मुख्यमंत्री शर्मा ने बताया कि Rising Rajasthan Global Summit के तहत 35 लाख करोड़ रुपये के एमओयू साइन हुए हैं, जिनमें से लगभग 9 लाख करोड़ रुपये के प्रोजेक्ट जमीन पर उतर रहे हैं।

इसके साथ ही उन्होंने राम जल सेतु लिंक परियोजना, यमुना जल समझौते और किसानों को दिन में बिजली उपलब्ध कराने जैसे कदमों का जिक्र करते हुए कहा कि राज्य सरकार बुनियादी ढांचे और संसाधनों के विकास के लिए निरंतर कार्य कर रही है।

मुख्यमंत्री शर्मा ने अंत में कहा कि यदि सवा दो साल में राजस्थान में इतने बदलाव संभव हैं, तो पश्चिम बंगाल में भी ‘डबल इंजन’ सरकार के जरिए विकास की नई दिशा दी जा सकती है।

Previous
Next

Related Posts