Thursday, 02 April 2026

रामपुर बैठक में डॉ. सीपी जोशी का सख्त संदेश, भ्रष्ट अधिकारियों को चेतावनी


रामपुर बैठक में डॉ. सीपी जोशी का सख्त संदेश, भ्रष्ट अधिकारियों को चेतावनी

ख़बर सुनिए:

0:00
0:00
Audio thumbnail

राजसमंद। कांग्रेस के ‘संगठन बढ़ाओ-लोकतंत्र बचाओ’ अभियान के तहत गुरुवार को रामपुर में आयोजित बैठक में पूर्व विधानसभा अध्यक्ष एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता डॉ. सीपी जोशी ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए संगठन और व्यवस्था दोनों को लेकर सख्त संदेश दिया। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में जो अधिकारी भ्रष्टाचार में लिप्त हैं, उनके खिलाफ कार्रवाई होगी और उनके भ्रष्टाचार का पूरा हिसाब लिया जाएगा। साथ ही उन्होंने चेतावनी दी कि यदि कोई अधिकारी कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ अन्याय करता है तो उसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

डॉ. जोशी ने संगठन को मजबूत बनाने पर जोर देते हुए कहा कि जब कार्यकर्ता संगठित होकर काम करता है तो सफलता निश्चित होती है। उन्होंने राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस में हो रहे बदलावों का जिक्र करते हुए कहा कि अब सूचना क्रांति का दौर है और हर गतिविधि का रिकॉर्ड रखा जा रहा है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि अब संगठन में नाम नहीं, बल्कि काम के आधार पर पहचान बनेगी।

बैठक में उन्होंने पदाधिकारियों के लिए कड़े निर्देश भी जारी किए। जोशी ने कहा कि यदि कोई पदाधिकारी लगातार तीन बैठकों में शामिल नहीं होता है, तो उसे स्वतः पद से हटाया हुआ माना जाएगा और उसकी जगह नए कार्यकर्ता को अवसर दिया जाएगा। इसके साथ ही उन्होंने निर्देश दिए कि एक माह के भीतर जिला स्तर पर कार्यकारिणी का गठन किया जाए और ब्लॉक व मंडल स्तर पर ग्राम पंचायत एवं वार्ड अध्यक्षों की नियुक्ति सुनिश्चित की जाए।

इस अवसर पर जिलाध्यक्ष आदित्यप्रताप सिंह ने भी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि पार्टी के निर्देशों का पालन करते हुए डॉ. सीपी जोशी द्वारा कराए गए विकास कार्यों को जनता तक पहुंचाया जाएगा।

पूर्व जिलाध्यक्ष देवकीनंदन गुर्जर ने कहा कि गांधीजी अकेले थे, लेकिन जब निकल पड़े तो कारवां जुड़ता गया। ब्लॉक अध्यक्ष शंकरलाल चौधरी, मंडल अध्यक्ष लक्ष्मीलाल मेनारिया, ब्लॉक कांग्रेस संगठन महामंत्री महेंद्रसिंह गोरवा, शूरवीर सिंह, अंबालाल गाडरी, प्यारेलाल जोशी, माधवलाल अहीर, रमेश दाधीच, इंटक नेता हुक्मीचंद मेनारिया, महिला ब्लॉक कांग्रेस की अध्यक्ष गौरी चौधरी ने भी संबोधित किया। संचालन ब्लॉक संगठन महामंत्री महेंद्रसिंह गोरवा ने किया।


    Previous
    Next

    Related Posts