Sunday, 15 March 2026

नागौर में शादी से पहले बड़ा हादसा: मिनी बस पलटी, दुल्हन समेत 15 लोग घायल


नागौर में शादी से पहले बड़ा हादसा: मिनी बस पलटी, दुल्हन समेत 15 लोग घायल

ख़बर सुनिए:

0:00
0:00
Audio thumbnail

नागौर। जिले में रविवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। बासनी के पास मिनी बस अनियंत्रित होकर पलटने से दुल्हन सहित 15 लोग घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को एंबुलेंस की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया।

जानकारी के अनुसार नायक समाज के लोग बापोड़ से नागौर में आयोजित स्वजातीय सामूहिक विवाह समारोह में शामिल होने जा रहे थे। इसी दौरान सुबह करीब 9 बजे बासनी से करीब पांच किलोमीटर पहले अचानक मिनी बस अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और लोगों में चीख-पुकार सुनाई देने लगी।

स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत कार्य शुरू करते हुए बस में फंसे घायलों को बाहर निकाला। सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और घायलों को अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था की गई। हादसे में घायल 15 लोगों में से 5 को बासनी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जबकि 10 घायलों को नागौर के जवाहरलाल नेहरू अस्पताल (JLN) में भर्ती किया गया। जेएलएन अस्पताल में भर्ती घायलों में पांच महिलाएं और चार बच्चे भी शामिल हैं। सभी घायलों का इलाज जारी है।

बताया जा रहा है कि सड़क पर अचानक आवारा पशु आने से चालक घबरा गया, जिससे वाहन का संतुलन बिगड़ गया और तेज रफ्तार मिनी बस पलट गई। हादसे के कारण कुछ समय के लिए बापोड़-बासनी सड़क मार्ग पर यातायात बाधित रहा।

पुलिस ने क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त मिनी बस को सड़क किनारे हटवाया, जिसके बाद यातायात दोबारा सुचारू हो सका। हादसे की सूचना मिलते ही घायलों के परिजन भी अस्पताल पहुंच गए और उनका हालचाल जाना।

    Previous
    Next

    Related Posts