Saturday, 07 March 2026

कोटा-बूंदी ग्रीन फील्ड एयरपोर्ट का मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा,लोकसभा अध्यक्ष ओम बिड़ला और केंद्रीय मंत्री के राम मोहन नायडू ने किया शिलान्यास


कोटा-बूंदी ग्रीन फील्ड एयरपोर्ट का मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा,लोकसभा अध्यक्ष ओम बिड़ला और केंद्रीय मंत्री के राम मोहन नायडू ने किया शिलान्यास

ख़बर सुनिए:

0:00
0:00
Audio thumbnail

कोटा। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा शनिवार को कोटा दौरे पर रहे, जहां उन्होंने शंभूपुरा में आयोजित कार्यक्रम में डिजिटल रिमोट बटन दबाकर कोटा-बूंदी ग्रीन फील्ड एयरपोर्ट का शिलान्यास किया। इस अवसर पर लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला, केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री के. राम मोहन नायडू, शिक्षा मंत्री मदन दिलावर, नागरिक उड्डयन राज्य मंत्री एवं कोटा जिले के प्रभारी मंत्री गौतम कुमार दक, ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर सहित कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान नौनेरा वृहद पेयजल परियोजना और परवन-अकावद वृहद पेयजल परियोजना के लिए भी भूमि पूजन किया गया।

करीब 1507 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले कोटा-बूंदी ग्रीन फील्ड एयरपोर्ट से हाड़ौती क्षेत्र के विकास को नई गति मिलने की उम्मीद है। प्रस्तावित एयरपोर्ट में लगभग 1000 यात्रियों की क्षमता वाला टर्मिनल बनाया जाएगा, जिसका क्षेत्रफल करीब 20,000 वर्गमीटर होगा। इसके अलावा यहां 3200 मीटर लंबा और 45 मीटर चौड़ा रनवे बनाया जाएगा तथा ए-321 श्रेणी के विमानों की पार्किंग के लिए 7 एप्रन बे तैयार किए जाएंगे।

कार्यक्रम में जल जीवन मिशन के तहत 1661.14 करोड़ रुपये की नौनेरा वृहद पेयजल परियोजना की भी जानकारी दी गई। इस परियोजना के माध्यम से कोटा और बूंदी जिलों के 749 गांवों और 6 कस्बों के 1 लाख 13 हजार 287 परिवारों को ‘हर घर जल’ उपलब्ध कराया जाएगा। परियोजना को चार कार्यकारी पैकेजों में विभाजित किया गया है।

इसके साथ ही परवन-अकावद वृहद पेयजल परियोजना के तहत 3523.16 करोड़ रुपये की स्वीकृति जारी की गई है। इस परियोजना से बारां, कोटा और झालावाड़ जिलों के 1402 गांवों और 276 ढाणियों के 1 लाख 52 हजार 437 परिवारों को जल जीवन मिशन के तहत पेयजल उपलब्ध कराया जाएगा।

कार्यक्रम में कोटा दक्षिण विधायक संदीप शर्मा, लाडपुरा विधायक कल्पना देवी, शहर जिलाध्यक्ष राकेश जैन सहित कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी भी उपस्थित रहे। इस मौके पर नेताओं ने कहा कि एयरपोर्ट और पेयजल परियोजनाओं से हाड़ौती क्षेत्र के बुनियादी ढांचे और विकास को नई दिशा मिलेगी।

Previous
Next

Related Posts