



जोधपुर। जोधपुर जिले के बिलाड़ा कस्बे में एक हृदयविदारक घटना सामने आई है, जहां कार में लॉक हो जाने से 3 साल के मासूम की मौत हो गई। गर्मी के कारण करीब डेढ़ घंटे तक बंद कार में रहने से बच्चे का दम घुट गया।
घटना बुधवार दोपहर की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार, पंचोलियों का बास निवासी विष्णु जांगिड़ का बेटा हितार्थ घर के पास खेलते-खेलते पिता की अर्टिगा कार में जा बैठा और अंदर ही लॉक हो गया।
जब काफी देर तक बच्चा नजर नहीं आया, तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। करीब डेढ़ घंटे बाद घर के बाहर खड़ी कार पर ध्यान गया, जहां बच्चे को अंदर बेहोश हालत में पाया गया। परिजन तुरंत उसे बिलाड़ा ट्रोमा सेंटर लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
परिवार के अनुसार, विष्णु जांगिड़ अपने परिवार के साथ बेंगलुरु से गांव आए थे। घर में छोटे बेटे के मुंडन और नए घर में प्रवेश का कार्यक्रम चल रहा था। इसी दौरान यह हादसा हो गया, जिससे घर का खुशी का माहौल मातम में बदल गया।
बिलाड़ा थाना पुलिस के अनुसार, इस मामले में अब तक कोई औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। यह घटना गर्मी के मौसम में बंद वाहनों के खतरे की गंभीर चेतावनी है। विशेषज्ञों के अनुसार, बंद कार के अंदर तापमान कुछ ही मिनटों में खतरनाक स्तर तक पहुंच सकता है, जो छोटे बच्चों के लिए जानलेवा साबित हो सकता है।