Saturday, 07 March 2026

UPSC सिविल सेवा परीक्षा 2025 में चित्तौड़गढ़ के डॉ. अनुज अग्निहोत्री बने ऑल इंडिया टॉपर


UPSC सिविल सेवा परीक्षा 2025 में चित्तौड़गढ़ के डॉ. अनुज अग्निहोत्री बने ऑल इंडिया टॉपर

ख़बर सुनिए:

0:00
0:00
Audio thumbnail

चित्तौड़गढ़। संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) ने सिविल सेवा परीक्षा 2025 का फाइनल परिणाम घोषित कर दिया है। राजस्थान के चित्तौड़गढ़ जिले के रावतभाटा निवासी डॉ. अनुज अग्निहोत्री ने ऑल इंडिया रैंक-1 हासिल कर प्रदेश का नाम रोशन किया है। खास बात यह है कि डॉ. अनुज इससे पहले भी UPSC परीक्षा पास कर चुके हैं और उन्हें वर्ष 2023 में अपने पहले प्रयास में दिल्ली, अंडमान और निकोबार सिविल सेवा (DANICS) के तहत दिल्ली में एसडीएम पद पर नियुक्ति मिली थी, जिसे उन्होंने दिसंबर 2024 में जॉइन किया था।

डॉ. अनुज ने बताया कि यह उनका तीसरा प्रयास था। दूसरे प्रयास में उन्होंने UPSC मेन्स परीक्षा पास कर ली थी, लेकिन इंटरव्यू में चयन नहीं हो पाया था। उन्होंने कहा कि सिविल सेवा की तैयारी एक लंबी प्रक्रिया होती है, जिसमें उतार-चढ़ाव आते रहते हैं। उन्होंने कहा कि आज सफलता मिल गई तो सब आसान लग रहा है, लेकिन अगर इस बार भी सफलता नहीं मिलती तो वे अगले प्रयास की तैयारी में जुट जाते।

इंटरव्यू के अनुभव साझा करते हुए अनुज ने बताया कि उनका शैक्षणिक बैकग्राउंड मेडिकल साइंस का है, इसलिए उनसे मेडिकल से जुड़े कई सवाल पूछे गए। साथ ही राजस्थान के इतिहास और संस्कृति से जुड़े प्रश्न भी किए गए। उन्होंने बताया कि उनसे मीरा बाई और उनके गुरु के बारे में पूछा गया, साथ ही यह भी पूछा गया कि राजस्थान के इतिहास को प्रसिद्ध किसने किया। इस पर उन्होंने इतिहासकार जेम्स टॉड का उल्लेख किया।

अनुज के पिता केबी अग्निहोत्री ने बेटे की सफलता पर खुशी जताते हुए कहा कि यह पूरे परिवार के लिए गर्व का क्षण है। उन्होंने कहा कि अनुज शुरू से ही पढ़ाई में तेज था और लगातार मेहनत करता रहा। वहीं, उनकी मां मंजू अग्निहोत्री ने बताया कि उन्होंने बेटे की तैयारी के दौरान उसके खान-पान और दिनचर्या का विशेष ध्यान रखा। उन्होंने कहा कि बेटे की सफलता उसकी मेहनत और समर्पण का परिणाम है।

    Previous
    Next

    Related Posts