


जैसलमेर। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने गुरुवार को जैसलमेर पहुंचीं राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु का एयरफोर्स स्टेशन पर पुष्पगुच्छ भेंट कर आत्मीय स्वागत किया। इस अवसर पर राज्यपाल श्री हरिभाऊ बागडे भी मौजूद रहे। राष्ट्रपति के आगमन पर स्थानीय जनप्रतिनिधियों और वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों ने भी उनका अभिनंदन किया।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु दो दिवसीय राजस्थान यात्रा पर हैं। अपने प्रवास के दौरान वे 27 फरवरी को जैसलमेर के पोकरण फील्ड फायरिंग रेंज में आयोजित होने वाले भारतीय वायुसेना के प्रमुख युद्धाभ्यास ‘वायुशक्ति-2026’ में शामिल होंगी। इस अभ्यास को सामरिक दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण माना जा रहा है, जिसमें भारतीय वायुसेना की मारक क्षमता और आधुनिक सैन्य तकनीकों का प्रदर्शन किया जाएगा।
राज्य सरकार की ओर से राष्ट्रपति के स्वागत के लिए विशेष प्रोटोकॉल की व्यवस्था की गई थी। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने इस अवसर पर राष्ट्रपति का प्रदेश आगमन पर अभिनंदन करते हुए कहा कि यह राजस्थान के लिए गौरव का विषय है कि राष्ट्र की सर्वोच्च संवैधानिक प्रमुख राज्य में आयोजित महत्वपूर्ण सैन्य अभ्यास की साक्षी बनेंगी।
राष्ट्रपति की यात्रा को लेकर सुरक्षा और प्रशासनिक स्तर पर व्यापक तैयारियां की गई हैं। पोकरण में आयोजित होने वाला ‘वायुशक्ति-2026’ अभ्यास भारतीय वायुसेना की सामरिक क्षमता और आत्मनिर्भर रक्षा उत्पादन की दिशा में एक महत्वपूर्ण प्रदर्शन माना जा रहा है।