Wednesday, 18 February 2026

अजमेर में नियमित टीकाकरण को बढ़ावा देने के लिए धर्मगुरुओं व जनप्रतिनिधियों के साथ स्वास्थ्य विभाग की बैठक


अजमेर में नियमित टीकाकरण को बढ़ावा देने के लिए धर्मगुरुओं व जनप्रतिनिधियों के साथ स्वास्थ्य विभाग की बैठक

ख़बर सुनिए:

0:00
0:00
Audio thumbnail

अजमेर। नियमित टीकाकरण को सुदृढ़ और प्रभावी बनाने के उद्देश्य से चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग ने मंगलवार को धार्मिक एवं प्रभावशाली व्यक्तियों के साथ एक विशेष बैठक आयोजित की। होटल विवान में आयोजित इस कार्यक्रम की अध्यक्षता संभाग के संयुक्त निदेशक डॉ. सम्पत सिंह जोधा ने की। उन्होंने धर्मगुरुओं से अपील की कि वे अपने धार्मिक मंचों और समुदायों के माध्यम से नियमित टीकाकरण के महत्व को जन-जन तक पहुंचाएं।

डॉ. जोधा ने कहा कि नवजात शिशुओं के स्वस्थ जीवन के लिए समय पर टीकाकरण अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने बताया कि टीकाकरण से बच्चों को कई गंभीर और जानलेवा बीमारियों से सुरक्षा मिलती है। बैठक के दौरान जिला प्रजनन एवं शिशु स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. शिन्दे स्वाति ने विस्तार से जानकारी देते हुए बताया कि राज्य सरकार द्वारा सभी आवश्यक टीके निशुल्क उपलब्ध कराए जाते हैं। उन्होंने टीकाकरण से संबंधित पोस्टर और प्रस्तुति के माध्यम से कार्यक्रम में उपस्थित धर्मगुरुओं को जागरूक किया।

डॉ. शिन्दे ने कहा कि समुदाय में टीकाकरण को लेकर फैली भ्रांतियों और अफवाहों को दूर करना इस पहल का मुख्य उद्देश्य है। उन्होंने जोर देकर कहा कि समाज के धर्मगुरु और प्रभावशाली व्यक्ति ही लोगों के बीच विश्वास का सेतु बन सकते हैं और सही जानकारी पहुंचाकर जागरूकता बढ़ा सकते हैं।

कार्यक्रम में सर्व धर्म मैत्री संघ के अध्यक्ष प्रकाश जैन, चिश्ती फाउंडेशन के अध्यक्ष सैयद सलमान चिश्ती, विश्व स्वास्थ्य संगठन के विश्व स्वास्थ्य संगठन से डॉ. मुनिन्दर शर्मा, दिशा संस्थान के अभय सिंह, यूनिसेफ के समन्वयक धर्मेश शर्मा, यूएनडीपी प्रतिनिधि सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

बैठक के दौरान प्रतिभागियों के साथ संवाद सत्र भी आयोजित किया गया, जिसमें टीकाकरण से जुड़ी चुनौतियों, अफवाहों और उनके समाधान पर चर्चा की गई। विभिन्न धर्मों के धर्मगुरुओं और समाज के प्रमुख व्यक्तियों ने नियमित टीकाकरण अभियान में सक्रिय सहयोग का आश्वासन दिया। कार्यक्रम के अंत में डॉ. शिन्दे स्वाति ने सभी प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया।

Previous
Next

Related Posts