



जयपुर। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा अपनी धर्मपत्नी गीता शर्मा ने महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर मुख्यमंत्री निवास स्थित मां राजराजेश्वरी मंदिर में विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर प्रदेश की सुख-समृद्धि एवं प्रगति की कामना की।
मुख्यमंत्री ने भगवान शिव का श्रद्धापूर्वक जलाभिषेक किया। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच उन्होंने शिवलिंग पर जल, बिल्वपत्र एवं पुष्प अर्पित कर आरती उतारी। इस अवसर पर पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा और धार्मिक आस्था का भाव स्पष्ट रूप से परिलक्षित हुआ।
मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों के कल्याण, शांति और विकास के लिए प्रार्थना की। उन्होंने कहा कि महाशिवरात्रि का पर्व हमें संयम, समर्पण और सकारात्मक ऊर्जा का संदेश देता है। भगवान शिव की कृपा से प्रदेश में सुख, शांति और समृद्धि बनी रहे, यही उनकी कामना है।
पूजन के दौरान मुख्यमंत्री निवास पर नियुक्त अधिकारी एवं कर्मचारीगण भी उपस्थित रहे। सभी ने सामूहिक रूप से भगवान शिव की आराधना कर प्रदेश की निरंतर उन्नति की प्रार्थना की।