



अजमेर। बागेश्वर धाम हनुमत कथा के प्रस्तावित आयोजन को लेकर तैयारियों का जायजा लेने हेतु सनातन धर्म रक्षा संघ के पदाधिकारियों ने आयोजन समिति के अध्यक्ष गौरीशंकर शर्मा एवं उनकी टीम के साथ कथा स्थल का निरीक्षण किया। इस दौरान कथा स्थल पर चल रही व्यवस्थाओं का अवलोकन करते हुए विभिन्न आवश्यकताओं पर विस्तृत चर्चा की गई।
निरीक्षण के दौरान पदाधिकारियों ने कथा स्थल तक पहुंचने वाले मार्गों की स्थिति पर चिंता व्यक्त की। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए सभी संपर्क मार्गों को शीघ्र दुरुस्त किया जाए। विशेष रूप से पुष्कर क्षेत्र के प्रमुख रास्तों की मरम्मत और समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने की आवश्यकता बताई गई, ताकि देश-प्रदेश से आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
बैठक में आयोजन की व्यवस्थाओं, पार्किंग, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था, स्वच्छता तथा यातायात प्रबंधन जैसे विषयों पर भी विचार-विमर्श किया गया। पदाधिकारियों ने कहा कि कथा आयोजन एक विशाल धार्मिक कार्यक्रम है, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है, इसलिए सभी व्यवस्थाएं समय रहते पूर्ण कर ली जानी चाहिए।
इस अवसर पर सनातन धर्म रक्षक संभाजी मेर के वरिष्ठ उपाध्यक्ष डॉ. कुलदीप शर्मा, इंजीनियर अशोक शर्मा, महासचिव देवेंद्र त्रिपाठी, प्रोफेसर रश्मि शर्मा, गायत्री तपस्वी सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।
सनातन धर्म रक्षक अजमेर, राजस्थान के अध्यक्ष एवं पूर्व न्यायाधीश अजय शर्मा ने कहा कि प्रशासन और आयोजन समिति के समन्वय से ही यह कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हो सकेगा। उन्होंने प्रशासन से आग्रह किया कि श्रद्धालुओं की सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए आवश्यक व्यवस्थाएं शीघ्र सुनिश्चित की जाएं।