



जानकारी के अनुसार, गंगापुर थाना क्षेत्र के आलोली गांव में मृतकों ने तीन दिन पहले एक शादी समारोह में बर्तन साफ करने का ठेका लिया था। समारोह के बाद वे बर्तन धोने में इस्तेमाल होने वाला तरल पदार्थ अपने साथ ले गए। गुरुवार देर रात घर पर उसी तरल पदार्थ को शराब समझकर पी लिया। कुछ ही समय में उनकी हालत बिगड़ने लगी।
तबीयत खराब होने पर सभी को गंगापुर अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने तीन लोगों को मृत घोषित कर दिया। एक युवक को गंभीर अवस्था में जिला अस्पताल रेफर किया गया, लेकिन उपचार के दौरान उसकी भी मौत हो गई। पुलिस ने चारों शवों को सरकारी अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया है और पोस्टमार्टम की तैयारी की जा रही है।
पुलिस के अनुसार मृतकों की पहचान रतन पुत्र मसरिया कंजर निवासी माधोपुर, सुशीला देवी, जमनी देवी पत्नी शंकर कंजर और बदामी देवी कंजर के रूप में हुई है। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक और स्तब्धता का माहौल है।
प्रारंभिक जांच में यह सामने आया है कि जिस तरल पदार्थ को शराब समझा गया, वह बर्तन साफ करने में प्रयुक्त तेज रासायनिक पदार्थ था। पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है और यह भी पता लगाया जा रहा है कि तरल पदार्थ की पैकेजिंग और भंडारण में कोई लापरवाही तो नहीं हुई।
यह हादसा ग्रामीण क्षेत्रों में रासायनिक पदार्थों के सुरक्षित उपयोग और जागरूकता की आवश्यकता को भी रेखांकित करता है।