



भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने पेंशन विभाग में तैनात एक रिश्वतखोर अधिकारी को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। पेंशन बनाने और एरियर जारी करने की एवज में 10 हजार रुपये की रिश्वत मांगने वाले AAO को सोमवार दोपहर एसीबी टीम ने ट्रैप कर पकड़ा। फिलहाल आरोपी से पूछताछ जारी है और मामले में अन्य कर्मचारियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
एसीबी टीम ने पेंशन विभाग के AAO (द्वितीय) राजेश कुमार खण्डेलवाल को रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया। शिकायतकर्ता ने एसीबी को बताया था कि पिता के निधन के बाद उसकी मां की पेंशन पूरी नहीं बन रही थी। इस कार्य के लिए संबंधित अधिकारी लगातार परेशान कर रहा था और पैसे की मांग कर रहा था।
एसीबी के महानिरीक्षक सत्येंद्र कुमार ने बताया कि एसीबी चौकी जयपुर नगर चतुर्थ को शिकायत प्राप्त हुई थी। शिकायत में बताया गया कि पूरी पेंशन बनाने के लिए 10 हजार रुपये की मांग की जा रही थी। इसके साथ ही पहले से लंबित एरियर जारी करने के लिए एरियर राशि का 10 प्रतिशत घूस देने का दबाव बनाया जा रहा था।
शिकायत की प्राथमिक जांच और सत्यापन के बाद एसीबी ने ट्रैप की कार्रवाई की। योजना के तहत परिवादी को आरोपी के पास भेजा गया। जैसे ही AAO राजेश कुमार खण्डेलवाल ने परिवादी से 10 हजार रुपये की रिश्वत ली, एसीबी टीम ने उसे मौके पर ही रंगे हाथों पकड़ लिया।
एसीबी अधिकारियों के अनुसार, पूछताछ के दौरान यह भी पता लगाया जा रहा है कि इस मामले में किसी अन्य कर्मचारी या अधिकारी की संलिप्तता तो नहीं है। यदि जांच में अन्य की भूमिका सामने आती है, तो उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।