Monday, 09 February 2026

जवाहर नगर में वीर हनुमान स्वीट्स पर गैस सिलेंडर में आग, दमकल की तत्परता से बड़ा हादसा टला


जवाहर नगर में वीर हनुमान स्वीट्स पर गैस सिलेंडर में आग, दमकल की तत्परता से बड़ा हादसा टला

ख़बर सुनिए:

0:00
0:00
Audio thumbnail

जयपुर। जवाहर नगर के सेक्टर-5 पुलिया नंबर दो स्थित वीर हनुमान स्वीट्स पर सोमवार सुबह करीब साढ़े 11 बजे उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब दुकान के पीछे चल रहे कारखाने में उपयोग किए जा रहे गैस सिलेंडर में अचानक आग लग गई। आग की लपटें उठते ही आसपास के दुकानदारों और राहगीरों में दहशत फैल गई। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की दो गाड़ियां और जवाहर नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंचीं। दमकलकर्मियों और पुलिस की सूझबूझ व तत्परता से समय रहते आग पर काबू पा लिया गया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।

आग लगने के बाद एहतियातन दुकान को अस्थायी रूप से खाली कराया गया और आसपास के क्षेत्र को सुरक्षित किया गया। राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। मौके पर मौजूद लोगों ने बताया कि आग लगते ही पूरे इलाके में धुआं फैल गया था, जिससे कुछ समय के लिए यातायात और सामान्य गतिविधियां भी प्रभावित हुईं।

जवाहर नगर थाना प्रभारी महेशचंद्र गुर्जर ने बताया कि आग वीर हनुमान स्वीट्स के पीछे संचालित कारखाने में उपयोग किए जा रहे गैस सिलेंडर में लगी थी। उस समय कारखाने में 8 से 10 कॉमर्शियल गैस सिलेंडर भी रखे हुए थे, जो आग की चपेट में आ सकते थे। ऐसे में पुलिस और दमकलकर्मियों ने प्राथमिकता के तौर पर भरे हुए सिलेंडरों को सुरक्षित बाहर निकलवाया और फिर आग पर काबू पाया।

फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। पुलिस और प्रशासन ने दुकानदारों व व्यापारियों से गैस सिलेंडरों के सुरक्षित उपयोग, नियमित जांच और अग्नि सुरक्षा नियमों का सख्ती से पालन करने की अपील की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।

    Previous
    Next

    Related Posts