Wednesday, 11 March 2026

बांसवाड़ा में दर्दनाक सड़क हादसा: बारातियों से भरी बस पलटी, 3 की मौत, 35 घायल


बांसवाड़ा में दर्दनाक सड़क हादसा: बारातियों से भरी बस पलटी, 3 की मौत, 35 घायल

ख़बर सुनिए:

0:00
0:00
Audio thumbnail

बांसवाड़ा जिले के कलिंजरा क्षेत्र में शुक्रवार शाम (6 फरवरी) एक भीषण सड़क हादसा हो गया। अबापुरा के वडलीपाड़ा से सज्जनगढ़ के संदलई गांव लौट रही बारातियों से भरी एक बस घोटिया आम्बा के पास ढलान पर अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई। हादसे में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 30 से 35 बाराती घायल हो गए। दुर्घटना इतनी भयावह थी कि मौके पर चीख-पुकार मच गई।

जानकारी के अनुसार, बारात सज्जनगढ़ के संदलई गांव से अबापुरा के खेड़ा वडलीपाड़ा गई थी। शाम करीब 6:30 बजे वापसी के दौरान ढलान पर बस चालक नियंत्रण खो बैठा, जिससे बस पलट गई। बारात में दो बसें शामिल थीं। आगे चल रही बस सुरक्षित निकल गई, जबकि पीछे आ रही बस हादसे का शिकार हो गई।

हादसे के बाद ग्रामीणों और राहगीरों ने तुरंत राहत-बचाव कार्य शुरू किया और पुलिस को सूचना दी। घायलों को एंबुलेंस व निजी वाहनों से बड़ोदिया अस्पताल और महात्मा गांधी जिला अस्पताल पहुंचाया गया।

सूचना मिलते ही जिला कलेक्टर डॉ. इन्द्रजीत यादव और पुलिस अधीक्षक सुधीर जोशी अस्पताल पहुंचे और घायलों की स्थिति की जानकारी ली। बागीदौरा और बांसवाड़ा विधायक भी जिला अस्पताल पहुंचे। कलेक्टर ने बताया कि सभी घायलों का इलाज जारी है, जबकि कुछ की हालत गंभीर बनी हुई है।

पुलिस के अनुसार मृतकों की पहचान कमला पत्नी हकरू, दलू पुत्र भूरा और टीटा पुत्र जोखा के रूप में हुई है। मामले की जांच जारी है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।

    Previous
    Next

    Related Posts