



राजाखेड़ा थाना क्षेत्र के चंबल तट स्थित गांव बसई घीयाराम में बुधवार सुबह एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जहां एक बेटे ने अपनी ही मां की बीच सड़क ईंट-पत्थरों से पीट-पीटकर हत्या कर दी। आरोपी युवक ने तब तक वार किए, जब तक महिला की मौके पर ही मौत नहीं हो गई। हैरानी की बात यह रही कि घटना के दौरान ग्रामीण मौके पर मौजूद रहे, लेकिन किसी ने भी महिला को बचाने की हिम्मत नहीं दिखाई।
पुलिस के अनुसार यह घटना सुबह करीब 6:30 बजे की है, जबकि ग्रामीणों ने पुलिस को इसकी सूचना करीब 8:30 बजे दी। सूचना मिलते ही राजाखेड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। साक्ष्य संकलन के लिए एफएसएल टीम को भी बुलाया गया।
राजाखेड़ा थानाधिकारी गंभीर सिंह ने बताया कि मृतका की पहचान सोन देवी पत्नी किशन सिंह के रूप में हुई है। मृतका के पति का पहले ही निधन हो चुका है। उनके तीन बच्चे थे—दो बेटे और एक बेटी। बड़े बेटे सुरेंद्र की करीब तीन साल पहले मौत हो गई थी, जबकि छोटा बेटा संजय, जो इस वारदात का आरोपी है, मानसिक रूप से बीमार बताया जा रहा है। उसका पिछले दो वर्षों से इलाज चल रहा था और वह झगड़ालू प्रवृत्ति का था।
थानाधिकारी ने बताया कि आरोपी संजय ने अचानक मां पर हमला कर दिया और ईंट-पत्थरों से लगातार वार करता रहा। महिला की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने मृतका का शव राजाखेड़ा के शहीद राघवेंद्र सिंह सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की मोर्चरी में रखवाया है। मामले की जांच जारी है और आरोपी को पुलिस निगरानी में लिया गया है।
इस हृदयविदारक घटना ने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया है। ग्रामीणों में दहशत का माहौल है, वहीं यह सवाल भी खड़े हो रहे हैं कि घटना के समय मौजूद लोग मूकदर्शक क्यों बने रहे।