



जयपुर। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी ने पूर्व मंत्री महेंद्रजीत सिंह मालवीय की कांग्रेस पार्टी में वापसी को लेकर औपचारिक मंजूरी दे दी है। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (AICC) ने इस संबंध में आदेश जारी कर दिए हैं। यह आदेश कांग्रेस प्रदेश प्रभारी सुखजिंदर सिंह रंधावा के नाम जारी किया गया है, जिसमें राष्ट्रीय अध्यक्ष द्वारा महेंद्रजीत सिंह मालवीय की कांग्रेस सदस्यता को स्वीकृति प्रदान की गई है।
कांग्रेस छोड़कर भाजपा में गए पूर्व मंत्री महेंद्रजीत सिंह मालवीया की शुक्रवार रात कांग्रेस में आधिकारिक तौर पर वापसी हो गई। मालवीया की वापसी की प्रक्रिया तीन स्तरों पर रिपोर्ट तैयार होने के बाद पूरी हुई। अंततः प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने शुक्रवार रात रिपोर्ट एआईसीसी, दिल्ली भेजी, जिस पर कांग्रेस राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने महज एक घंटे के भीतर स्वीकृति दे दी। इसके बाद रात में ही मालवीया की कांग्रेस में वापसी का आधिकारिक आदेश जारी कर दिया गया।
इससे पहले दिन में पूर्व मंत्री उदयलाल आंजना की अध्यक्षता में राजस्थान कांग्रेस अनुशासन समिति की बैठक हुई, जिसमें पिछले चुनावों के दौरान भाजपा में गए महेंद्रजीत सिंह मालवीया को दोबारा कांग्रेस में शामिल करने पर सहमति बनी। हालांकि, प्रक्रिया के दौरान एक तकनीकी पेंच सामने आया, क्योंकि मालवीया पूर्व में कांग्रेस वर्किंग कमेटी (CWC) के सदस्य रह चुके हैं। नियमों के अनुसार, ऐसे मामलों में निर्णय राज्य स्तर पर नहीं लिया जा सकता। इस कारण अनुशासन समिति ने अपनी रिपोर्ट पीसीसी अध्यक्ष को सौंपी, जिसके बाद मामला अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (AICC) को भेजा गया।
पीसीसी अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने बताया कि मालवीया के सीडब्ल्यूसी मेंबर रहने के कारण अंतिम निर्णय एआईसीसी स्तर पर लिया गया और कांग्रेस अध्यक्ष की स्वीकृति के बाद उनकी वापसी के आदेश जारी कर दिए गए।
