Wednesday, 04 February 2026

जयपुर में कांग्रेस का भाजपा मुख्यालय कूच तनावपूर्ण—पुलिस से तीखी झड़प, डोटासरा को कार्यकर्ताओं ने उठाया, मनीष यादव बैरिकेड से गिरकर घायल


जयपुर में कांग्रेस का भाजपा मुख्यालय कूच तनावपूर्ण—पुलिस से तीखी झड़प, डोटासरा को कार्यकर्ताओं ने उठाया, मनीष यादव बैरिकेड से गिरकर घायल

ख़बर सुनिए:

0:00
0:00
Audio thumbnail

राजस्थान कांग्रेस ने बुधवार को जयपुर में भाजपा मुख्यालय की ओर कूच किया, लेकिन पुलिस ने रास्ते में बैरिकेड लगाकर मार्च को रोक दिया। इसके बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच तेज झड़प शुरू हो गई। पुलिस बार-बार अनाउंसमेंट कर रही थी कि यह मार्च गैरकानूनी है और आगे बढ़ने की अनुमति नहीं है। इसी बीच उत्साहित कार्यकर्ताओं ने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा को अपने कंधों पर उठा लिया और नारेबाजी तेज कर दी।

हंगामे के दौरान शाहपुरा विधायक मनीष यादव बैरिकेड पर चढ़कर उसे पार करने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन पुलिस ने डंडे से उन्हें रोक दिया, जिससे उनका संतुलन बिगड़ा और वे नीचे गिर पड़े। पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच धक्का-मुक्की, नारेबाजी और तनाव लगातार जारी रहा। सुरक्षा व्यवस्था के लिए एडिशनल डीसीपी बजरंग सिंह, एसीपी आदित्य पुनिया, एसीपी राजेंद्र सिंह सहित कई थानों के SHO मौके पर तैनात रहे।

नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली मौके पर पहुंचे और भाजपा पर सीधा हमला बोलते हुए कहा कि भाजपा का चाल, चरित्र और चेहरा जनता के सामने आ चुका है। उन्होंने आरोप लगाया कि “बीजेपी में शामिल होते ही नेताओं के सारे पाप माफ हो जाते हैं”। जूली ने SIR में बड़ी संख्या में काटे गए वोटरों पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि42 हजार वोट कटे, 11 लाख को नोटिस… क्या ये सब फर्जी थे? अगर वोटर पहले था तो अब कहां गया ?

डोटासरा ने केंद्र सरकार और ईडी पर हमला बोलते हुए कहा कि नेशनल हेराल्ड मामले में सोनिया गांधी और राहुल गांधी से 55-55 घंटे पूछताछ कर उन्हें परेशान किया गया, लेकिन सुप्रीम कोर्ट ने साफ कर दिया कि ईडी का केस बनता ही नहीं है। उन्होंने कहा कि यह पूरा मामला केवल राजनीतिक षड्यंत्र था जिसका उद्देश्य कांग्रेस नेतृत्व को डराना था। डोटासरा ने कहा कि “सत्य की जीत हुई है, इसलिए आज हम बीजेपी का घेराव कर रहे हैं।”

कांग्रेस का आरोप है कि केंद्र सरकार विपक्षी नेताओं के खिलाफ ईडी और अन्य एजेंसियों का दुरुपयोग कर राजनीतिक प्रताड़ना कर रही है। प्रदर्शन में विधायक अमीन कागजी, रफीक खान सहित कई कांग्रेसी नेता अपने कार्यकर्ताओं के साथ मौजूद रहे। कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और प्रदर्शन को जारी रखा।

Previous
Next

Related Posts