



श्रीकाकुलम (आंध्र प्रदेश)। श्रीकाकुलम जिले के काशीबुग्गा वेंकटेश्वर मंदिर में शनिवार को एकादशी पर्व के दौरान भीषण भगदड़ मच गई। हादसे में 10 श्रद्धालुओं की मौत हो गई, जिनमें 8 महिलाएं और 2 बच्चे शामिल हैं। इसके अलावा 25 से अधिक लोग घायल हुए हैं, जिनका इलाज विभिन्न अस्पतालों में जारी है। मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका जताई जा रही है। स्थानीय लोगों के अनुसार मंदिर में आने-जाने का रास्ता एक ही है। एकादशी के कारण भारी भीड़ उमड़ी और रास्ता जाम हो गया। इसी दौरान धक्का-मुक्की हुई और रेलिंग टूटने से भगदड़ फैल गई, जिसके बाद लोग एक-दूसरे पर गिरते गए और कई लोग दब गए। राज्य सरकार ने हादसे की जांच के आदेश दे दिए हैं। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और प्रशासन मौके पर पहुंचा और राहत कार्य शुरू किए गए।SP केवी महेश्वर रेड्डी ने बताया कि मंदिर प्रशासन के खिलाफ कार्रवाई की गई है। मंदिर प्रशासक हरिमुकुंद पांडा पर IPC की धारा 304 (गैर-इरादतन हत्या) के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। स्थानीय लोगों और श्रद्धालुओं का आरोप है कि मंदिर प्रबंधन ने भीड़ नियंत्रण और सुरक्षा व्यवस्था का पर्याप्त इंतजाम नहीं किया था। एक ही मार्ग से प्रवेश और निकास होने से स्थिति और खराब हो गई। घटना के बाद पूरे इलाके में शोक की लहर है। घायल लोगों के परिजनों और श्रद्धालुओं में रोष और दुख है। सरकार ने मृतकों के परिवारों को सहायता राशि देने और घायलों को बेहतर इलाज उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया है।जांच के आदेश, प्रशासन सक्रिय
भीड़ प्रबंधन में लापरवाही के आरोप