नई दिल्ली। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने राजस्थान सरकार के जनजाति विकास विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव (ACS) कुंजीलाल मीणा को नई दिल्ली में आयोजित एक राष्ट्रीय समारोह में सम्मानित किया। यह सम्मान राजस्थान को जनजाति बहुल क्षेत्रों में उत्कृष्ट विकास कार्य, सरकारी सेवाओं की समय पर डिलीवरी, और शिकायत निवारण प्रणाली को प्रभावी रूप से लागू करने के लिए देश में पहला स्थान मिलने पर प्रदान किया गया।
यह सम्मान राष्ट्रपति ने शुक्रवार को आयोजित “आदि कर्मयोगी अभियान के नेशनल कॉन्क्लेव” के दौरान प्रदान किया। राजस्थान ने इस अवसर पर ‘धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान’ के तहत देशभर में सबसे बेहतर प्रदर्शन किया, जिससे राज्य को राष्ट्रीय स्तर पर यह गौरव प्राप्त हुआ।
राजस्थान ने जनजातीय विकास के क्षेत्र में समग्र दृष्टिकोण और प्रशासनिक सुधारों के कारण यह उपलब्धि हासिल की है।राज्य में जनजातीय अंचलों में बुनियादी सुविधाओं की उपलब्धता, योजनाओं की निगरानी और शिकायत निवारण प्रणाली के डिजिटल एकीकरण से सेवा वितरण में अभूतपूर्व सुधार हुआ है। सीएस कुंजीलाल मीणा के नेतृत्व में जनजाति विकास विभाग ने कई अभिनव पहलें कीं, जिनसे न केवल योजनाओं का लाभ समय पर मिला बल्कि पारदर्शिता और जवाबदेही भी सुनिश्चित हुई।
कार्यक्रम में केंद्रीय जनजाति विकास मंत्री जुएल ओराम, राजस्थान के जनजाति विकास मंत्री बाबूलाल खराड़ी सहित कई वरिष्ठ अधिकारी और नीति-निर्माता मौजूद थे इस अवसर पर राष्ट्रपति ने राजस्थान सहित अन्य राज्यों को भी जनजातीय कल्याण के क्षेत्र में निरंतर सुधार की दिशा में कार्य करने का आह्वान किया।