



जयपुर। मणिपाल यूनिवर्सिटी, जयपुर में होली पार्टी के दौरान एक हादसा हो गया। मंगलवार को कैंपस में आयोजित होली कार्यक्रम के दौरान डीजे और रेन डांस के लिए लगाया लोहे का स्क्वायर और क्रेननुमा ढांचा अचानक गिर गया, जिससे करीब 20 स्टूडेंट्स घायल हो गए। घटना के बाद कैंपस में अफरा-तफरी मच गई और घायल छात्रों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया।
घायलों में से 17 स्टूडेंट्स को इलाज के लिए मणिपाल हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है, जबकि तीन छात्रों को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई। बताया जा रहा है कि हादसा उस समय हुआ जब कैंपस में छात्र-छात्राएं होली पार्टी के दौरान डीजे पर रेन डांस कर रहे थे।
बगरु थाना प्रभारी राजेंद्र गोदारा के अनुसार घटना मंगलवार दोपहर करीब एक बजे की है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि कार्यक्रम के लिए लगाए गए क्रेननुमा ढांचे पर कुछ छात्र लटक गए थे, जिससे उसका संतुलन बिगड़ गया और पूरा स्ट्रक्चर अचानक गिर पड़ा।
हादसे के दौरान मौके पर मौजूद छात्रों में घबराहट फैल गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार क्रेन गिरते ही कई छात्र उसके नीचे दब गए, जिन्हें तुरंत बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया। घटना के फोटो और वीडियो भी सामने आए हैं, जिनमें क्रेन का ढांचा छात्रों पर गिरता हुआ दिखाई दे रहा है।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और यह भी पता लगाया जा रहा है कि कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा मानकों का पालन किया गया था या नहीं। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।