करूर/चेन्नई। तमिलनाडु के करूर जिले में शनिवार शाम एक्टर विजय की रैली में बड़ा हादसा हो गया। भीड़ नियंत्रण बिगड़ने से मची भगदड़ में 39 लोगों की मौत हो गई, जिनमें 16 महिलाएं और 10 बच्चे शामिल हैं। हादसे में 51 लोग गंभीर रूप से घायल हैं और ICU में भर्ती हैं। आशंका जताई जा रही है कि मृतकों की संख्या और बढ़ सकती है।
तमिलनाडु पुलिस के मुताबिक, रैली के लिए 10 हजार लोगों की अनुमति दी गई थी, लेकिन 1 लाख 20 हजार स्क्वायर फीट एरिया में करीब 50 हजार से ज्यादा लोग पहुंच गए। इस दौरान विजय लगभग 6 घंटे की देरी से मंच पर पहुंचे। रैली के दौरान मंच से उन्होंने एक 9 साल की बच्ची के गुम होने की घोषणा की और भीड़ से उसे तलाशने की अपील की। इसके बाद अचानक भगदड़ के हालात बन गए।
तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम.के. स्टालिन ने हादसे की जानकारी मिलते ही देर रात हाई-लेवल मीटिंग बुलाई और तुरंत करूर पहुंचे। उन्होंने अस्पताल जाकर घायलों से मुलाकात की और मृतकों को श्रद्धांजलि दी। स्टालिन ने कहा कि राज्य सरकार पीड़ित परिवारों को हर संभव सहायता देगी।
केंद्र सरकार ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए गृह मंत्रालय के जरिए तमिलनाडु सरकार से रिपोर्ट मांगी है। वहीं, रैली में सुरक्षा इंतज़ामों और भीड़ नियंत्रण की कमियों की जांच शुरू कर दी गई है।
हादसे के बाद एक्टर विजय पर सवाल उठने लगे हैं। घटना स्थल से सीधे वे अपने चार्टर्ड फ्लाइट से चेन्नई लौट गए, जबकि वे अस्पताल में घायलों से नहीं मिले। इस रवैये को लेकर सोशल मीडिया पर उनकी आलोचना हो रही है।