



नई दिल्ली। भारत के नवनिर्वाचित उपराष्ट्रपति चंद्रपुरम पोन्नुसामी राधाकृष्णन आज राष्ट्रपति भवन में पद की शपथ लेंगे। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू सुबह 10:30 बजे उन्हें पद और गोपनीयता की शपथ दिलाएंगी। शपथ ग्रहण समारोह में ओडिशा, मध्य प्रदेश सहित कई राज्यों के मुख्यमंत्री और केंद्रीय मंत्री शामिल हो रहे हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक पूर्व उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ के भी समारोह में आने की संभावना है।
सूत्रों के अनुसार, शपथ ग्रहण के तुरंत बाद दोपहर 12:30 बजे उपराष्ट्रपति राधाकृष्णन राज्यसभा के सभी नेताओं के साथ बैठक करेंगे। यह बैठक उनकी नई भूमिका में संसदीय कार्यों की दिशा तय करने के लिहाज से महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
गौरतलब है कि NDA उम्मीदवार राधाकृष्णन को 9 सितंबर को भारत का 15वां उपराष्ट्रपति चुना गया था। उन्हें प्रथम वरीयता के 452 वोट मिले थे, जबकि विपक्षी उम्मीदवार बी. सुदर्शन रेड्डी को 300 वोट मिले। राधाकृष्णन ने रेड्डी को 152 वोटों के अंतर से हराया।