जयपुर। आयुर्वेदिक विज्ञान बार-बार यह कहता आया है कि स्वस्थ जीवन की शुरुआत भोजन से होती है। दिनभर का खानपान शरीर को ऊर्जा देता है, लेकिन अगर भोजन का समय और संयम नहीं रखा गया, तो वही भोजन बीमारी का कारण भी बन सकता है। इसी क्रम में आयुर्वेद विशेषज्ञों ने रात में तीन खास चीजें न खाने की सख्त सलाह दी है।
वैद्य भरत प्रजापति और आयुर्वेद विशेषज्ञ डॉ. पीयूष त्रिवेदी के अनुसार, रात में अगर आप दही, प्याज और बीन्स (फलियां) खाते हैं, तो यह आपकी सेहत के लिए घातक साबित हो सकता है। इन तीनों चीजों में वायु तत्व की अधिकता होती है, जो रात के समय शरीर की प्राकृतिक पाचन क्रिया को अवरोधित करता है।
दही: रात में दही खाने से कफ और बलगम की मात्रा बढ़ती है। यह सर्दी-जुकाम, खांसी को गंभीर बना सकता है। साथ ही पाचन अग्नि रात को धीमी होती है, जिससे दही ठीक से पचता नहीं और ब्लॉकेज का कारण बनता है।
प्याज: प्याज में मौजूद तत्व खासकर अमोनिया जैसे घटक माइग्रेन ट्रिगर कर सकते हैं। रात में यह पूरी तरह पच नहीं पाते और सुबह तक शरीर में रहते हैं, जिससे नींद बाधित होती है।
बीन्स: हर प्रकार की फलियां (राजमा, छोले, लोबिया आदि) में वायु दोष अधिक होता है। यह गैस, अपच, और पेट फूलने की समस्या को बढ़ाता है। वात से जुड़ी बीमारियों जैसे गठिया, माइग्रेन, और स्त्री रोगों में इसकी सलाह बिल्कुल नहीं दी जाती।
डा. पीयूष त्रिवेदी (आयुर्वेद विशेषज्ञ, शासन सचिवालय, जयपुर) ने कहा कि “रात्रि भोजन बहुत विचारपूर्वक होना चाहिए। शरीर की प्राकृतिक पाचन क्रिया सूर्य के अस्त के साथ मंद हो जाती है। ऐसे में वायु और कफ को बढ़ाने वाले खाद्य पदार्थ पच नहीं पाते और बीमारियों का प्रवेश द्वार बनते हैं।”
लगातार इन चीजों का सेवन करने वालों को डॉक्टर के चक्कर, दवाओं पर खर्च, और जीवन की गुणवत्ता में गिरावट का सामना करना पड़ सकता है। शरीर में वात-कफ का असंतुलन बनेगा, जिससे बार-बार बीमारियां घेरे रहेंगी।
डा. पीयूष त्रिवेदी (आयुर्वेद विशेषज्ञ, शासन सचिवालय, जयपुर) M No : 9828011871