राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देशानुसार अजमेर शहर जिला कांग्रेस कमेटी की ओर से सोमवार को 'संविधान बचाओ धरने' का आयोजन किया गया। यह धरना अजमेर में आयोजित किया गया, जिसमें प्रदेश कांग्रेस महासचिव व पूर्व विधायक महेंद्र चौधरी सहित कई वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
धरने को संबोधित करते हुए महेंद्र चौधरी ने कहा कि देश में लोकतंत्र और संविधान पर खतरा मंडरा रहा है। उन्होंने केंद्र सरकार की नीतियों पर निशाना साधते हुए कहा कि दिल्ली सरकार की मंशा प्रजातंत्र के प्रति ईमानदार नहीं है। हाल ही में संपन्न हुए लोकसभा चुनाव में '400 पार' के नारे को जनता ने नकार दिया, लेकिन सत्ता पक्ष की सोच अब भी तानाशाही की ओर झुकी हुई है।
चौधरी ने स्पष्ट किया कि संविधान को बाबा साहब भीमराव अंबेडकर ने बनाया, और उसे बचाने की जिम्मेदारी अब कांग्रेस पार्टी उठाएगी। उन्होंने एलान किया कि संविधान की रक्षा के लिए जरूरत पड़ी तो बड़े आंदोलन किए जाएंगे और ब्लॉक व बूथ स्तर तक आंदोलन की श्रृंखला चलाई जाएगी। उन्होंने कहा, "भाजपा संविधान से छेड़छाड़ करने की कोशिश कर रही है, जिसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।"
चौधरी ने सेना पर की जा रही टिप्पणियों को लेकर भी कड़ा एतराज जताया। उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री और अन्य मंत्रियों द्वारा दिए गए विवादास्पद बयान न केवल अनुचित हैं बल्कि देश की सुरक्षा व्यवस्था का अपमान भी हैं। उन्होंने कहा कि सेना पर हमें गर्व है और किसी को इस पर राजनीति नहीं करनी चाहिए।
कार्यक्रम में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने संविधान की प्रतियां हाथ में लेकर नारेबाजी की और केंद्र सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। धरने के माध्यम से पार्टी ने यह संदेश दिया कि संविधान, लोकतंत्र और संस्थानों की रक्षा के लिए कांग्रेस पूरी ताकत से खड़ी है।