नई दिल्ली। भाजपा में राष्ट्रीय अध्यक्ष के चयन को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। बुधवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने आवास पर पार्टी के शीर्ष नेताओं के साथ इस विषय पर एक अहम बैठक की। सूत्रों के अनुसार, एक सप्ताह के भीतर नए अध्यक्ष की घोषणा हो सकती है।
बैठक में कर्नाटक, उत्तर प्रदेश, पश्चिम बंगाल और मध्य प्रदेश जैसे प्रमुख राज्यों के अध्यक्षों को लेकर भी विचार-विमर्श हुआ। संभावना है कि आने वाले दो-तीन दिनों में करीब आधा दर्जन राज्यों के अध्यक्षों की घोषणा की जाएगी, जिसके बाद राष्ट्रीय अध्यक्ष की चुनाव प्रक्रिया 20 अप्रैल के बाद कभी भी शुरू हो सकती है।
भाजपा के मौजूदा अध्यक्ष जेपी नड्डा का कार्यकाल जनवरी 2023 में समाप्त हो गया था, लेकिन लोकसभा चुनाव समेत अन्य बड़े चुनावों को देखते हुए उनका कार्यकाल बढ़ा दिया गया। अब जबकि लोकसभा चुनाव समीप हैं, संगठन को नई ऊर्जा देने के लिए अध्यक्ष बदलने की प्रक्रिया शुरू हो गई है।
भाजपा सूत्रों के अनुसार, जो भी नया अध्यक्ष बनेगा, 2029 का लोकसभा चुनाव उसी के नेतृत्व में लड़ा जाएगा। ऐसे में यह भी सुनिश्चित किया जा रहा है कि चुनाव प्रक्रिया पारदर्शी हो और कार्यकर्ताओं में यह संदेश जाए कि संगठन सभी वर्गों की आवाज़ सुनता है।
बैठक में यह भी संकेत मिला कि नई राष्ट्रीय कार्यकारिणी और परिषद में 33% तक महिलाओं को प्रतिनिधित्व दिया जा सकता है। इसके अलावा संसदीय बोर्ड और केंद्रीय चुनाव समिति में भी महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने की योजना है।
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) चाहता है कि भाजपा सहित सभी सहयोगी संगठनों में विचारधारा के प्रति समर्पित युवाओं को जिम्मेदारी दी जाए। संगठनात्मक पदों पर ऐसे युवाओं को तरजीह देने का सुझाव है जो वैचारिक रूप से प्रतिबद्ध हों।
राष्ट्रीय अध्यक्ष पद के 8 संभावित दावेदार:
शिवराज सिंह चौहान: 4 बार मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री और 6 बार सांसद रहे। OBC वर्ग से हैं और RSS से गहरा नाता है।
सुनील बंसल:उत्तर प्रदेश, ओडिशा, बंगाल और तेलंगाना में चुनावी सफलता के रणनीतिकार। संघ और संगठन में मजबूत पकड़।
धर्मेन्द्र प्रधान: केंद्रीय शिक्षा मंत्री, OBC नेता, मजबूत संगठनकर्ता। मोदी-शाह टीम के भरोसेमंद सदस्य।
रघुवर दास:झारखंड के पहले गैर-आदिवासी मुख्यमंत्री। OBC वर्ग से आते हैं, मजबूत जमीनी पकड़।
स्मृति ईरानी: प्रभावशाली महिला चेहरा, मंत्री पद का अनुभव, हिंदी बेल्ट व दक्षिण भारत में भी पकड़।
वानति श्रीनिवासन: भाजपा महिला मोर्चा अध्यक्ष, तमिलनाडु में जीत का रिकॉर्ड, संगठन और संघ से जुड़ाव।
तमिलिसाई सौंदर्यराजन:पूर्व प्रदेश अध्यक्ष, वर्तमान राज्यपाल, मोदी-शाह की करीबी, तमिलनाडु में संगठन विस्तार में भूमिका।
डी. पुरंदेश्वरी: एनटी रामाराव की बेटी, आंध्र प्रदेश भाजपा अध्यक्ष, कांग्रेस की पूर्व मंत्री, तेलुगु राज्यों में प्रभाव।