Sunday, 30 August 2026

भाजपा की कमजोर सरकार से राजस्थान में जंगलराज के हालात: धर्मेंद्र राठौड़


भाजपा की कमजोर सरकार से राजस्थान में जंगलराज के हालात: धर्मेंद्र राठौड़

पूर्व आरटीडीसी अध्यक्ष धर्मेंद्र राठौड़ ने रूपनगढ़ में भूखंड विवाद को लेकर हुई फायरिंग और खूनी संघर्ष की घटना पर गहरी चिंता जताते हुए राज्य की भाजपा सरकार की कानून व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि राज्य में भाजपा की कमजोर सरकार के चलते अपराधियों के हौसले बुलंद हो गए हैं और राजस्थान में कानून व्यवस्था पूरी तरह से चरमरा गई है।

पूर्व आरटीडीसी अध्यक्ष धर्मेंद्र राठौड़ ने प्रेस को जारी बयान में कहा कि राजस्थान में अपराधियों का आतंक इस हद तक बढ़ चुका है कि आम जनता भयभीत है और सरकार मूकदर्शक बनी हुई है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा के कुशासन के कारण राजस्थान में जंगलराज जैसे हालात बन गए हैं। रूपनगढ़ की घटना, जिसमें फायरिंग और हिंसा हुई, आम जनमानस को विचलित करने वाली है और यह घटना सरकार की नाकामी को उजागर करती है।

पूर्व आरटीडीसी अध्यक्ष राठौड़ ने आगे कहा कि भू माफिया, लूटपाट, डकैती, और महिलाओं के खिलाफ अपराध लगातार बढ़ रहे हैं, जिससे स्पष्ट होता है कि कानून व्यवस्था पूरी तरह से ध्वस्त हो चुकी है। उन्होंने कहा कि राजस्थान की जनता अब अपराधियों के शासन में जी रही है, जबकि सरकार अपने दायित्वों को निभाने में विफल साबित हो रही है।

पूर्व आरटीडीसी अध्यक्ष ने इस गंभीर घटना के मद्देनजर जिला कलक्टर लोकबंधु, जिला पुलिस अधीक्षक देवेंद्र कुमार विश्नोई, और रूपनगढ़ सरपंच इकबाल छीपा से बातचीत की और घटना की विस्तृत जानकारी ली। राठौड़ ने अधिकारियों से दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने का आग्रह किया, ताकि राज्य में बिगड़ते माहौल पर नियंत्रण पाया जा सके और जनता का विश्वास कानून व्यवस्था में बहाल हो सके।

Previous
Next

Related Posts