


राजस्थान विधानसभा चुनाव में भाजपा की प्रचंड जीत के बाद भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सीपी जोशी ने भाजपा प्रदेश कार्यालय में प्रेस को संबोंधित करते हुए कहा कि जनता जनार्दन के आशीर्वाद से भाजपा को प्रचंड जीत मिली है। यह जीत देश के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगतप्रकाश नड्डा, गृहमंत्री अमित शाह के कुशल मार्गदर्शन की जीत है। देश के तीन हिंदी भाषी राज्यों राजस्थान, मध्यप्रदेश और छत्तीसगढ़ में भाजपा को मिली प्रचंड जीत पीएम मोदी की गारंटियों का प्रभाव है। पीएम मोदी की इन्ही गारंटियों ने कांग्रेस की हवा निकाल दी। भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सीपी जोशी ने कहा कि पार्टी के राष्ट्रीय महामंत्री एंव प्रदेश के प्रभारी अरूण सिंह, चुनाव प्रभारी केंद्रीय मंत्री प्रहलाद जोशी और संगठन महामंत्री चंद्रशेखर ने परिश्रम की पराकाष्ठा की है। वहीं सभी प्रदेश पदाधिकारियों और चुनाव प्रबंधन समिति के सदस्यों ने भी जमकर मेहनत की है। उन्होंने कहा कि भाजपा के सभी कार्यकर्ता मीडिया, सोशल मीडिया और आईटी टीम ने भी सक्रिय रूप से चुनाव में काम किया और सुबह चार बजे भी इन लोगों को फोन किया तो ये लोग सक्रिय मिले। हमारी सरकार राजस्थान के खोये हुए वैभव को लौटाने की दिशा में काम करेगी और हम पुनः राजस्थान को विकास के पथ पर लेकर जाएंगे।