


विधानसभा मतदान के दौरान शनिवार को भरतपुर, धौलपुर और सीकर जिले में हवाई फायरिंग, झड़प और पत्थरबाजी जैसी घटनाएं सामने आई। भरतपुर में तो पोलिंग बूथ को छोड़ कर्मचारी वहां से भाग गए। जबकि धौलपुर में फ्लाइंग स्क्वॉड के मजिस्ट्रेट और ड्राइवर के साथ मारपीट की गई।
सीकर जिले के फतेहपुर में दो गुटों में टकराव से आमने-सामने से पत्थरबाजी होने लगी। मामला इतना बढ़ गया कि लोगों ने घरों की छतों से पत्थर बरसाने शुरू कर दिए, जिसके बाद पुलिस को हवाई फायरिंग करनी पड़ी। इस घटना में कोतवाली थाने के तीन कॉन्स्टेबल घायल हो गए।
पुलिस ने की हवाई फायरिंग, वोटिंग को लेकर हुआ विवाद
सीकर जिले के फतेहपुर में दो गुटों पर टकराव हो गया। जिसमें एक दूसरे पर जमकर पत्थरबाजी हुई। इस दौरान क्षेत्र में करीब एक घंटे तक अफरा तफरी का माहौल रहा। घटना में तीन पुलिसकर्मी घायल हो गए। मौके पर पहुंचे सुरक्षाबलों ने जैसे तैसे भीड़ को नियंत्रित किया। इस दौरान पत्थर फेंकने वाले लोग मौके से भाग छूटे। फिलहाल मौके पर शांति है और पुलिस-पैरा मिलिट्री के जवान मौके पर तैनात है।
डीवाईएसपी रामप्रताप ने बताया कि घटना 3 बजे कोतवाली थाना क्षेत्र के बोचीवाल भवन इलाके की है। जहां वोटिंग को लेकर दो गुटों में कहासुनी हो गई और आपस में भिड़ गए। इस बीच पत्थरबाजी शुरू हुई तो फतेहपुर कोतवाली थाना पुलिस के साथ सीआरपीएफ और बीएसएफ के जवान सहित आला अधिकारी मौके पर पहुंचे। इस दौरान सुरक्षाबलों ने मौके पर पत्थरबाजी कर रहे लोगों को वहां से खदेड़ा और घरों में छिपे पत्थरबाजों को पकड़कर बाहर निकाला। इस दौरान पत्थरबाजी को रोकने के लिए पुलिस को हवाई फायरिंग भी करनी पड़ी।
एसपी पारिस देशमुख ने कहा- किसी भी तरह का मतदान बाधित नहीं हुआ है। स्थिति नियंत्रण में हैं, 7 लोगों को गिरफ्तार किया है। मतदान को लेकर आपस में मनमुटाव की बात सामने आ रही है। आगे की जांच की जा रही है। उन्होंने बताया कि इस घटना के दौरान कॉन्स्टेबल राकेश कुमार सहित तीन लोग घायल हो गए।