


मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा कि राज्य की कांग्रेस सरकार ने गरीब को गणेश मानकर पांच साल तक सेवा की है। हमारी सरकार की ओर से सात गारंटी योजनाएं दी गई है वहीं पांच साल तक विकास योजनाओं की बदौलत ही कांग्रेस की सरकार रिपिट होगी। सीएम गहलोत ने शुरूआती नए जिले बनाने की सूची में मालपुरा को जिला नही बनाने की भूल को स्वीकारते हुए कहा कि मालपुरा को जिला बनाने में पूर्व में उनसे भूल हो गई थी। अब सरकार आते ही मालपुरा जिला भी बनेगा तथा मालपुरा में जिला कलक्टर और पुलिस अधीक्षक बैठेंगे। मिनी सचिवालय की स्थापना होगी साथ ही औद्योगिक क्षेत्र विकसित होगा।
बुधवार को टोंक जिले की मालपुरा विधानसभा क्षैत्र के कांग्रेस प्रत्याशी घासीलाल चोधरी के समर्थन में सदरपुरा रोड स्थित रीको एरिया के मैदान में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए सीएम गहलोत ने अपनी सात गारन्टियों को गिनाते हुए कहा कि कांग्रेस चुनाव जीतने के बाद राज्य सरकार बनते ही महिला मुखिया को प्रतिवर्ष 10 हजार, मेधावी विद्यार्थियों को टैबलेट व लैपटॉप देने, अंग्रेजी माध्यम विद्यालयों के खोलने से ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों को शिक्षा का लाभ मिलेगा । खाद्य सुरक्षा योजना के पात्र लाभार्थियों को सरकार की ओर से प्रदेश में सरकार रिपीट होने के साथ ही 400 रूपए में रसोई गैस उपलब्ध कराई जाएगी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार की ओर से 40 लाख महिलाओं को मोबाइलों का वितरण किया गया है तथा वंचित पात्र महिलाओं को भी मोबाइलों का वितरण किया जाएगा।
मालपुरा विधानसभा क्षैत्र में शामिल टोडारायसिंह पालिकाध्यक्ष सत्यनारायण सैनी की ओर से बीसलपुर पुलिया निर्माण की मांग की तो मुख्यमन्त्री गहलोत ने कहा कि सरकार आने के बाद सभी मांगों को पूरा किया जाएगा । मुख्यमंत्री ने राज्य सरकार की ओर से चलाई जा रही सभी लोक कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए पुरानी पेंशन स्कीम को लागू करने को देश में सबसे बड़ा कार्य बताते हुए कहा कि पुरानी पेंशन स्कीम को देश के सभी राज्य अपनाने की कोशिश कर रहे हैं। मुख्यमन्त्री अशोक गहलोत ने कांग्रेस प्रत्याशी घासीलाल को स्थानीय क्षेत्र का प्रत्याशी बताते हुए भारी मतों से जिताने की अपील की।
राज्यसभा सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि भाजपा हिंदू व मुस्लिम को लड़ाने व सांप्रदायिक दंगे फैलाने का काम करती है । प्रदेश कांग्रेस सरकार ने जो विकास कार्य किए हैं तथा जो विकास योजनाएं चलाई है उनके दम से प्रदेश में कांग्रेस सरकार बहुमत के साथ रिपीट होगी। इससे पूर्व हेलीपैड पहुंचे मुख्यमंत्री का निवाई विधायक प्रशांत बैरवा, कांग्रेस प्रत्याशी घासीलाल चोधरी, प्रदेश कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष रामविलास चौधरी ने अगवानी की।