Saturday, 29 August 2026

राजस्थान अपनी जनकल्याणकारी योजना और साफ नीयत के आधार पर पूरे देश के अंदर एक मॉडल स्टेटके रूप में स्थापित : कन्हैया कुमार


राजस्थान अपनी जनकल्याणकारी योजना और साफ नीयत के आधार पर पूरे देश के अंदर एक मॉडल स्टेटके रूप में स्थापित  : कन्हैया कुमार

अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के वरिष्ठ नेता कन्हैया कुमार ने कहा कि राजस्थान के चुनाव में उन्हें यह देखने को मिला कि न सिर्फ प्रदेश बल्कि समूचे देश के अंदर आज राजस्थान के मॉडल स्टेट होने की चर्चा हो रही है क्योंकि एक बार फिर राजस्थान ने खुद को देश के अंदर नंबर एक साबित कर दिया है। उन्होंने कहा कि यह पहला मौका नहीं है जब राजस्थान देश के अंदर नंबर एक पर आया, चाहे  अपने शौर्य  की बात हो या त्याग बलिदान की बात हो राजस्थान नंबर एक रहता है। उन्होंने कहा कि आज राजस्थान एक मॉडल स्टेट के रूप मे मुख्यमंत्री अशोक गहलोत की सरकार जनता की सरकार के रूप में जनकल्याण के लिए तत्पर है। 

सोमवार को कांग्रेस मुख्यालय पर पत्रकारों से बातचीत करते हुए एनएसयूआईके राष्ट्रीय प्रभारी कन्हैया कुमार ने कहा कि आजादी के बाद  से अब तक अनेक ऐसे महत्वपूर्ण फैसले लिये गये थे जिनकी शुरुआत राजस्थान से की गई थी जैसे मनरेगा, सूचना का अधिकार, पंचायती राज व्यवस्था आदि  इन सब का जनक राजस्थान को माना जाता है। उसी प्रकार पूरे भारत के अंदर श्री अशोक गहलोत की जनकल्याणकारी योजनाएं प्रशंसा बटोर रही हैं क्योंकि उन्होंने राजस्थान को एक मॉडल स्टेट के रूप में खड़ा किया है।

कन्हैया कुमार ने कहा कि राजस्थान के अंदर एक लोकतंत्र का शासन है, लोकतंत्र का मतलब होता है जहां जनता के लिए जनता की चुनी हुई सरकार होती है, काम करती हैं। उन्होंने कहा कि सरकार जनता से उत्थान के लिए टैक्स लेती है, उस टैक्स के बदले जनता को सुरक्षा, न्याय, सहायता देती है और आम जनता को रोजी-रोटी, कपड़ा, मकान, सडक़ आदि व्यवस्था करती है, परंतु पिछले कुछ दशकों से देश के अंदर ऐसी सरकार है जो रोज नए-नए तरीके के टैक्स लगाकर वसूली कर रही है तथा सडक़ पर चढऩे का टैक्स लिया जाता है, तेल खरीदें तो टैक्स लिया जाता है, परंतु इस टैक्स को लेकर देने के नाम पर मोदी सरकार जीरो है। 

उन्होंने कहा कि आज हम किसानों के कर्ज की बात करें तो राजस्थान सरकार ने किसानों का कर्ज माफ किया और दुनिया के सामने एक मॉडल स्टेट के रूप में पहचान दी, जबकि केन्द्र की भाजपा सरकार अडानी सहित बड़े-बड़े उद्योगपतियों मित्रों का कर्ज माफ कर रही है तो किसानों का कर्ज क्यों नहीं माफ करती है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री प्रचार करने आते हैं और उनका फेवरेट सब्जेक्ट विभाजन, नफरत, जातिवाद, धर्म, दंगे होते हैं लेकिन यही राजस्थान का मॉडल स्टेट है जिसके कारण यहां पर आकर उनको अपने फेवरेट सब्जेक्ट को छोडक़र योजनाओं की बात करनी पड़ी और आज वह कांग्रेस के पिच पर आ गए हैं। उन्होंने कहा कि आज प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी भी मजबूरन योजनाओं की बात करने लग गए हैं और नफरत, बंटवारा, जातिवाद को छोडक़र योजनाओं की बात करने पर मजबूर हो गये हैं। उन्होंने कहा कि यह राजस्थान की जनकल्याणकारी कांग्रेस सरकार का ही असर है कि आज प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 450 रुपए में गैस सिलेंडर देने की बात करते हैं। उन्होंने कहा कि आम जनता प्रधानमंत्री से यह उम्मीद करती है कि देश में उनकी सरकार है तो उनको अपनी बात को लागू करने में क्या परेशानी है, उनको तुरंत इस चीज को लागू कर देना चाहिए। उन्होंने कहा कि भाजपा की केन्द्र सरकार ने ओल्ड पेंशन स्कीम और किसानों का कर्ज माफ करने जैसी जनकल्याणकारी मांगों को आज तक पूरा नहीं करके वादा खिलाफी की है। 

Previous
Next

Related Posts