Saturday, 29 August 2026

निर्वाचन आयोग का नवाचार प्रदेश भर में मंगलवार से होम वोटिंग, 62 हजार 927 पात्र मतदाताओं ने किया होम वोटिंग के लिए आवेदन


निर्वाचन आयोग का नवाचार प्रदेश भर में मंगलवार से होम वोटिंग, 62 हजार 927 पात्र मतदाताओं ने किया होम वोटिंग के लिए आवेदन

निर्वाचन विभाग राजस्थान में समावेशी और निष्पक्ष चुनाव के लिए प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रहा है। निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार 80 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिकों और 40 प्रतिशत से अधिक दिव्यांग श्रेणी के विशेष योग्यजन मतदाताओं के लिए प्रदेश में पहली बार विधानसभा आम चुनावों में होम वोटिंग की पहल की गई है। 

मंगलवार से पूरे प्रदेश में होम वोटिंग के पहले चरण की शुरुआत हो रही है। होम वोटिंग के लिए सबसे ज्यादा 1401 बायतु विधानसभा क्षेत्र से, 855 वल्लभनगर, 819 डूंगरपुर, 652 मालवीय नगर, 666 सिविल लाइंस एवं 553 वोटर होम वोटिंग के लिए शाहपुरा विधानसभा क्षेत्र से है। वही प्रदेश में सबसे कम करौली विधानसभा क्षेत्र से 15 वोटर, इसके बाद पीपल्दा से 65, हिंडोली से 81 और तिजारा से 109 वोटर है जिन्होंने होम वोटिंग के लिए अप्लाई किया है।

पात्र 62 हजार 927 मतदाताओं  ने विकल्प के तौर पर इस सुविधा के लिए आवेदन किया है।  प्रदेश में विधानसभा आम चुनाव में पहली बार दी जा रही इस सुविधा के लिए आखिरी तारीख 4 नवंबर थी। होम वोटिंग की सुविधा ऐसे मतदाताओं को मिलती है जो 80 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिकों हों या एवं 40 प्रतिशत से अधिक दिव्यांग श्रेणी के विशेष योग्यजन  हो । 

मुख्य निर्वाचन अधिकारी प्रवीण गुप्ता ने बताया कि समावेशी चुनाव की दिशा में आयोग ने यह नवाचार किया है। इसके तहत बूथ लेवल अधिकारी द्वारा घर-घर जाकर होम वोटिंग की सुविधा के लिए योग्य मतदाताओं को इसके संबंध में जानकारी उपलब्ध करवायी। 

गुप्ता ने बताया कि यह सुविधा विकल्प के रूप में है। योग्य मतदाताओं ने इस सुविधा का चयन करने के लिए बी.एल.ओ. द्वारा दिए गए 12-डी फॉर्म को भरकर बीएलओ को दिया। होम वोटिंग का विकल्प चयन करने वाले इन मतदाताओं की सूची निर्वाचक अधिकारी द्वारा सभी मान्यता प्राप्त राजनैतिक दलों को उपलब्ध कराई गई  है तथा गठित मतदान दल इन मतदाताओं को पोस्टल बैलेट के जरिए मतदान करवाएगा।

प्रदेश में 80 वर्ष से अधिक आयु के 51033 मतदाता एवं विशेष योग्यजन के रूप में 11894 मतदाताओं ने इस सुविधा के लिए आवेदन किया है।

Previous
Next

Related Posts