Saturday, 29 August 2026

जोधपुर में राजस्थान प्रीमियर लीग शुरू, राजस्थान प्रीमियर लीग राज्य में युवाओं को खेलों से जुड़ने के लिए करेगी प्रोत्साहित : मिश्र


जोधपुर में राजस्थान प्रीमियर लीग शुरू, राजस्थान प्रीमियर लीग राज्य में युवाओं को खेलों से जुड़ने के लिए करेगी प्रोत्साहित : मिश्र

राजस्थान क्रिकेट संघ द्वारा आयोजित राजस्थान प्रीमियर लीग (आरपीएल) का शुभारम्भ रविवार को जोधपुर के बरकतुल्ला खां स्टेडियम में हुआ। शुभारंभ समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्रीअशोक गहलोत ने कहा कि राजस्थान प्रीमियर लीग खेल के क्षेत्र में एक ऐतिहासिक कदम है। आरपीएल के माध्यम से प्रदेशभर के प्रतिभावान क्रिकेटर्स को अपनी प्रतिभा दिखाने के लिए उपयुक्त मंच मिलेगा।

राज्यपाल  कलराज मिश्र ने कहा कि खेलों की विशेषता है कि वहां हार-जीत प्रमुख ना होकर एक स्वस्थ प्रतिस्पर्धा होती है। इससे टीम भावना का विकास होता है एवं खिलाड़ी व्यक्तिगत के स्थान पर सामूहिक रूप से सोचने के लिए प्रेरित होता है। उन्होंने कहा कि राजस्थान प्रीमियर लीग राज्य में युवाओं को खेलों से जुड़ने के लिए प्रोत्साहित करेगी। युवा अपने जीवन में खेलों और योग को अपनाकर तन-मन स्वस्थ रखते हुए व्यक्तित्व का सर्वांगीण विकास करें।

राजस्थान विधानसभाध्यक्ष डॉ. सीपी जोशी ने आरपीएल के आयोजन पर आरसीए अध्यक्ष वैभव गहलोत को बधाई देते हुए कहा कि आरपीएल में खेलने वाली खेल प्रतिभाएं राजस्थान का नाम रोशन करेंगी। आरसीए अध्यक्ष श्री वैभव गहलोत ने कहा कि क्रिकेट प्रतिभाओं को एक मंच देने के लिए राजस्थान प्रीमियर लीग आरंभ की जा रही है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार के निरन्तर सहयोग से आज क्रिकेट के क्षेत्र में नई प्रतिभाओं को आरपीएल के माध्यम से आगे लाने का कार्य हो रहा है।

  • आरपीएल के ब्राण्ड एम्बेसेडर और दिग्गज क्रिकेटर कपिल देव ने राजस्थान प्रीमियर लीग आयोजन को आरसीए का बेहतरीन कदम बताते हुए कहा कि आरपीएल से खेल प्रतिभाओं को नए अवसर मिलेंगे। उन्होंने सभी खिलाड़ियों से खेल को उत्साहपूर्वक और खेल भावना से खेलने का आह्वान किया।
  • इस अवसर पर राज्यपाल कलराज मिश्र, राजस्थान विधानसभा अध्यक्ष सीपी जोशी एवं मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने राजस्थान प्रीमियर लीग की ट्रॉफी का अनावरण किया। मुख्यमंत्री ने भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान कपिल देव को मोमेंटो भेंट कर सम्मानित किया। मैदान में सभी छह टीमों के कप्तानों के साथ गायक  रविन्द्र उपाध्याय ने आरपीएल के थीम एंथम का गायन किया। आरपीएल चेयरमेन रामपाल शर्मा ने कार्यक्रम में अतिथियों का आभार व्यक्त किया। शुभारंभ समारोह में राजस्थान क्रिकेट संघ के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, अधिकारीगण एवं बड़ी संख्या में क्रिकेट-प्रेमी उपस्थित थे।
Previous
Next

Related Posts